Advertisement
09 January 2024

स्याना हिंसा के आरोपी को भाजपा ने बनाया मंडल अध्यक्ष! अखिलेश यादव ने भाजपा पर साधा निशाना

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सचिन अहलावत को बुलंदशहर जिले के स्याना विधानसभा क्षेत्र में बीबी नगर मंडल इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया है। अहलावत की नियुक्ति पर समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को भाजपा पर निशाना साधा।

सचिन अहलावत पर पांच वर्ष पहले कथित गोकशी को लेकर हुई हिंसा में शामिल होने का आरोप है। उस घटना में एक पुलिस अधिकारी समेत दो लोगों की मौत हो गयी थी। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्‍स’ पर कहा, ”भाजपा अपराधी को पदाधिकारी बना रही है… इससे पुलिस बल का मनोबल गिरेगा… क्या इस अन्याय के खिलाफ भी न्यायालय को ही आदेश पारित करना पड़ेगा। भाजपा में नैतिकता क्या पूरी तरह से मर गयी है।”

अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार करते हुए प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ‘पीटीआई’ से कहा, ”अखिलेश यादव पानी बिना मछली की तरह सत्ता वियोग में हैं। उन्हें अपनी पार्टी के माफिया-गुंडों को सुधारना चाहिए।” भाजपा बुलंदशहर के जिला अध्यक्ष विकास चौहान ने कहा, ‘‘सचिन को मंडल अध्यक्ष बनाया गया है। उनके खिलाफ कोई आपराधिक मुकदमा नहीं है। एक आंदोलन हुआ था, उस आंदोलन का राजनीतिक मुकदमा है। वह पेशेवर अपराधी नहीं हैं।’’

Advertisement

उल्लेखनीय है कि कोतवाली इलाके के महाव गांव में तीन दिसंबर 2018 को कथित गोकशी को लेकर भीड़ ने चिंगरावठी पुलिस चौकी का घेराव करते हुए बुलंदशहर गढ़मुक्तेश्वर मार्ग पर जाम लगा दिया था। जाम खुलवाने की कोशिश कर रही पुलिस की प्रदर्शनकारियों से झड़प हो गई थी जिसके बाद प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव कर दिया था और कई वाहनों में आग लगा दी थी। हिंसक प्रदर्शन में स्याना के कोतवाल सुबोध कुमार सिंह एवं एक स्थानीय युवक सुमित की मौत हो गयी थी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Syana violence, Syana violence BJP, Syana violence accused, Akhilesh yadav, BJP, SP, Mandal President
OUTLOOK 09 January, 2024
Advertisement