Advertisement
09 December 2024

भाजपा विधायक टी.राजा सिंह का 'ईसाइयों' से अपील, "लव जिहाद की लड़ाई में आएं साथ"

तेलंगाना से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक टी. राजा सिंह ने रविवार को ईसाइयों से अपील की कि वे ‘लव जिहाद’ के खिलाफ लड़ाई में हिंदुओं के साथ आएं क्योंकि यह दोनों धर्मों को प्रभावित कर रहा है।

दक्षिण गोवा के चर्चोरेम में बजरंग दल की एक रैली को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा कि यदि ‘जिहादियों’ की आबादी बढ़ती रही और उनके सांसदों की संख्या बढ़ती रही तो अगले 20 से 30 वर्षों में भारत में कोई हिंदू प्रधानमंत्री नहीं होगा।

भाजपा विधायक ने कहा, ‘‘लव जिहादी केवल हिंदुओं को ही निशाना नहीं बनाते। मैं गोवा के ईसाई भाइयों से अपील करना चाहता हूं। आपको केरल फाइल्स (कहानी) फिल्म देखनी चाहिए, भले ही यह फिल्म पूरी कहानी नहीं बताती है।’’

राजा सिंह के मुताबिक मुस्लिम पुरुष अन्य धर्मों की महिलाओं को शादी के लिए लुभाने और उन्हें अपना धर्म बदलने के लिए मजबूर करने के लिए ‘लव जिहाद’ करते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे लव जिहाद के नाम पर हिंदू और ईसाई लड़कियों को बहकाया जाता है। हिंदुओं ने ईसाई भाइयों के लिए लव जिहाद के खिलाफ लड़ने के लिए अपने दरवाजे खुले रखे हैं। हाथ मिलाओ...हमारी ताकत बढ़ेगी।’’

हैदराबाद के गोशामहल से विधायक सिंह पहले भी अपने सांप्रदायिक भाषणों के कारण विवादों में रहे हैं और उन्हें कई मुकदमों का सामना करना पड़ा है।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: T Raja, Raja Singh, Love Jihad, BJP, Telangana
OUTLOOK 09 December, 2024
Advertisement