Advertisement
09 December 2023

भाजपा का हमला: 'लूट व झूठ की दुकान’ ही कांग्रेस का असली सच

PTI/प्रतीकात्मक तस्वीर

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने ओड़िशा से कांग्रेस सांसद धीरज प्रसाद साहू के खिलाफ आयकर विभाग की छापेमारी में 200 करोड़ रुपये अधिक की बेहिसाब नकदी बरामद होने का जिक्र करते हुए कहा कि ‘लूट व झूठ की दुकान’ ही कांग्रेस का असली चेहरा है।

जोशी ने शन‍िवार को मीडिया से बातचत में कहा, ‘‘देश की जनता कहने लगी है ‘कांग्रेस मतलब करप्शन की दुकान, यह इसलिए कहा जाता है क्योंकि इनको मोहब्बत पैसों से है, इनको मोहब्बत सिर्फ लूट से है। इसलिए इस मोहब्बत की दुकान में नोटों का कितना बड़ा ढेर मिला है… यह पूरे देश की जनता ने देखा है… कि लूट एवं झूठ की दुकान ही कांग्रेस का असली सच है।’

उल्लेखनीय है कि राहुल गांधी ने पिछले साल अपनी भारत जोड़ो यात्रा के दौरान केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा पर देश में नफरत फैलाने का आरोप लगाया था और कहा था कि वह नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलना चाहते हैं। जोशी ने कहा, ‘लूट ही कांग्रेस का असली सामान है और लोग कहने लगे हैं कि कांग्रेस और भ्रष्टाचार एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। कांग्रेस का काम है लूट, झूठ और फूट डालना तथा यही असली चेहरा कांग्रेस के पतन का कारण बनता जा रहा है क्योंकि उनका असली चेहरा अब जनता ने देखा लिया है।’

Advertisement

निवर्तमान कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का यही हाल राजस्थान की जनता ने भी पांच साल में देखा है जहां सरकारी भर्ती परीक्षा के पेपर लीक हुए तो जल जीवन मिशन और पोषाहार मिशन में लूट मची रही। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार कार्रवाई करेगी और कांग्रेस द्वारा लूटा गया पैसा जनता को लौटाएगी।

पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक की तारीख संबंधी सवाल पर जोशी ने कहा कि पार्टी ने पर्यवेक्षक नियुक्त कर दिए हैं और जल्द ही बैठक की तारीख भी घोषित की जाएगी। राज्य की 200 में से 199 सीटों पर हुए चुनाव के परिणाम रविवार को आए थे। भाजपा को 115 सीटों के साथ बहुमत मिलने के बाद भी मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर संशय बरकरार है।
मुख्यमंत्री पद के संभावित दावेदारों में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, अर्जुनराम मेघवाल और दीया कुमारी के नामों की अटकलें चल रही हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: C P joshi, Bjp blame congress, Bjp criticize congress on cruption, Congress, Narendra modi
OUTLOOK 09 December, 2023
Advertisement