Advertisement
15 November 2023

छत्तीसगढ़: अमित शाह का बड़ा हमला, कांग्रेस शासन में बेमेतरा जिला ‘लव जिहाद’ का केंद्र बन गया

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर हमला करते हुए कहा कि उनके शासन में छत्तीसगढ़ का बेमेतरा जिला ‘लव जिहाद’ का केंद्र बन गया है। शाह ने वादा किया कि अगर राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सत्ता में आई तो कोई भी ऐसी हरकत करने की हिम्मत नहीं करेगा।

छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के साजा विधानसभा क्षेत्र में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए शाह ने बघेल पर दुर्ग संभाग को शिक्षा केंद्र से सट्टेबाजी के केंद्र में बदलने का भी आरोप लगाया। भाजपा ने साजा सीट से ईश्वर साहू को मैदान में उतारा है। ईश्वर साहू के बेटे भुनेश्वर साहू की इस साल अप्रैल माह में जिले के बिरनपुर गांव में सांप्रदायिक झड़प के दौरान हत्या हो गई थी।

शाह ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, ”ईश्वर साहू न सिर्फ उम्मीदवार हैं बल्कि वह न्याय की लड़ाई के प्रतीक हैं। भूपेश कक्का के शासन में सांप्रदायिक तत्वों ने साहू के बेटे भुनेश्वर साहू की पीट-पीटकर हत्या कर दी। भूपेश कक्का के लोगों ने ईश्वर जी को चेक और नौकरी की पेशकश करते हुए कहा कि वे न्याय न मांगें। लेकिन मैं ईश्वर जी को धन्यवाद देना चाहूंगा कि उन्होंने उसे अस्वीकार कर दिया और न्याय मांगा।”

Advertisement

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा, ”भुनेश्वर साहू के लिये न्याय सुनिश्चित करना हमारी जिम्मेदारी है। किसी को भी कानून का उल्लंघन करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। भुनेश्वर साहू के हर हत्यारे को जेल भेजा जाएगा..भूपेश कक्का के सत्ता से बाहर होने की उल्टी गिनती शुरू हो गई है।” शाह ने मतदाताओं से भाजपा को सत्ता में लाने का आग्रह करते हुए कहा कि उनके वोट न केवल राज्य में भाजपा की सरकार बनाएंगे बल्कि भुनेश्वर साहू को न्याय भी दिलाएंगे तथा तुष्टिकरण की राजनीति को सबक सिखाएंगे।

कांग्रेस सरकार की आलोचना करते हुए शाह ने कहा, ”भूपेश बघेल शासन में बेमेतरा लव जिहाद का केंद्र बन गया। साहू, कुर्मी और गोंड समुदाय इसके (लव जिहाद के) निशाने पर थे और भूपेश बघेल सरकार सोयी रही। उन्हें कौन जगाएगा? आप जगाएंगे, आपके वोट जगाएंगे। मैं वादा करता हूं कि आप भाजपा को सत्ता में लाएं, कोई भी ऐसा कृत्य करने की हिम्मत नहीं करेगा।” राज्य में कथित महादेव सट्टेबाजी ऐप घोटाले को लेकर मुख्यमंत्री बघेल पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा, ”भूपेश कक्का ने दुर्ग संभाग को बर्बाद कर दिया। रमन सिंह के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के दौरान दुर्ग संभाग शिक्षा का केंद्र बन गया था। भूपेश बघेल ने इसे सट्टा (सट्टेबाजी) का केंद्र बना दिया।”


अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Chattisgarh, Assembly election, Amit shah, Amit shah on Congress, Love jihad, Amir shah on love jihad
OUTLOOK 15 November, 2023
Advertisement