Advertisement
16 February 2024

कांग्रेस अकाउंट फ्रीज: केंद्रीय मंत्री चंद्रेशखर ने कांग्रेस पर किया कटाक्ष, राहुल गांधी पर साधा निशाना

केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने कांग्रेस द्वारा उसके बैंक खातों पर रोक लगाकर उसे राजनीतिक रूप से निष्क्रिय करने की साजिश का आरोप लगाए जाने पर शुक्रवार को विपक्षी दल पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि भारत की जनता द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को तीसरा कार्यकाल दिए जाने के बाद कांग्रेस के नेताओं के पास अपने पसंदीदा विषयों पर विचार रखने के लिए बहुत समय होगा।

उन्होंने कहा कि जब मोदी रिकॉर्ड अंतर से तीसरी बार जीतेंगे तो राहुल गांधी समेत कांग्रेस नेता लोकतंत्र, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और न्यायपालिका पर बात करने के लिए विदेश यात्रा कर सकते हैं। कांग्रेस ने शुक्रवार को दावा किया कि आयकर विभाग ने उसके प्रमुख बैंक खाते फ्रीज कर दिए, हालांकि बाद में आयकर अपीलीय अधिकरण ने अगले सप्ताह सुनवाई होने तक उसके खातों पर से रोक हटा दी।

इलेक्ट्रॉनिक एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री चंद्रशेखर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए साक्षात्कार में कहा, ‘‘राहुल गांधी के अनुसार, जब तक उन्हें कुछ नहीं होता, लोकतंत्र ठीक है… अगर वह चुनाव हार जाते हैं, तो ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) काम नहीं करती हैं, अगर उनके लोगों को जेल भेजा जाता है (उनके कृत्यों के लिए) तो न्यायपालिका काम नहीं करती।’’

Advertisement

मंत्री ने कहा कि लोगों को अपनी बात रखने का अधिकार है और यह मतदाता ही हैं जो निर्णय करेंगे कि भारतीय लोकतंत्र क्रियाशील है, न कि वंशवादियों की पार्टी या वंशवादियों का गठबंधन।

चंद्रशेखर का कहना था, ‘‘वे (कांग्रेस) लोकतंत्र पर अपने दृष्टिकोण रखने के हकदार हैं… जो लोग यह निर्णय करते हैं कि भारतीय लोकतंत्र क्रियाशील है या नहीं, वे निश्चित रूप से वंशवादियों की पार्टी या वंशवादियों का गठबंधन नहीं हैं, यह भारत के लोग हैं जो 2024 के चुनाव में रिकॉर्ड संख्या में सामने आएंगे और प्रधानमंत्री मोदी को अभूतपूर्व तीसरा जनादेश देंगे।’’

उन्होंने कहा कि विपक्षी दल के नेताओं ने अपनी टिप्पणियां देना जल्दी शुरू कर दिया और उन्हें जून तक इंतजार करना चाहिए।मंत्री ने कहा, ‘‘अगले पांच वर्ष में अजय माकन (कांग्रेस के कोषाध्यक्ष) के लिए लोकतंत्र के बारे में बात करने के लिए और राहुल गांधी के लिए विदेश यात्रा करने और लोकतंत्र, ईवीएम और न्यायपालिका के बारे में चर्चा करने के लिए बहुत समय होगा।’’

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Congress account freeze, BJP on Congress account freeze, Rahul gandh, Rajiv Chandrashekhar, Congress, Narendra Modi
OUTLOOK 16 February, 2024
Advertisement