Advertisement
26 August 2024

कांग्रेस नेताओं ने कंगना की टिप्पणी पर कहा, "भाजपा किसानों से इतना नफरत क्यों करती है"

किसान आंदोलन पर विवादास्पद टिप्पणी करने को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद कंगना रनौत की आलोचना की और पूछा कि भाजपा देश के किसानों के प्रति इतनी ‘‘नफरत’’ क्यों पाले हुए है।

कंगना ने हाल में यह कह कर एक विवाद छेड़ दिया था कि यदि भाजपा का शीर्ष नेतृत्व मजबूत नहीं रहता, तो किसानों के प्रदर्शन ने देश में बांग्लादेश जैसी स्थिति पैदा कर दी होती।

हिमाचल प्रदेश के मंडी से सांसद कंगना ने ‘एक्स’ पर साझा किये गए एक वीडियो में आरोप लगाया कि (अब निरस्त किये जा चुके) तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसान आंदोलन के नाम पर उपद्रवी हिंसा फैला रहे थे और वहां बलात्कार तथा हत्याएं हो रही थीं।

Advertisement

हरियाणा में एक अक्टूबर को विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में, विपक्ष ने इस मुद्दे को लेकर सत्तारूढ़ भाजपा को निशाना बनाया।

भाजपा ने भी अभिनेत्री व सांसद कंगना के बयान से असहमति जताते हुए किनारा कर लिया है।

कांग्रेस महासचिव एवं हरियाणा के पूर्व मंत्री रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कंगना की टिप्पणी की आलोचना की।

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘जल्द ठीक हो जाओ कंगना ! आखिर भाजपा के लोगों को देश के अन्नदाता से इतनी नफरत क्यों है? भाजपा ने तो हमेशा हमारे अन्नदाताओं पर झूठ, फरेब, साजिश और अत्याचार किया है। और एक बार फिर हमारे अन्नदाताओं पर भाजपा की सांसद ने अनर्गल आरोप लगाया है।’’

सुरजेवाला ने कहा, ‘‘सवाल यह है कि...क्या कंगना ने भाजपा की चुनावी रणनीति के हिसाब से किसानों पर यह घटिया आरोप लगाया है? क्या ये कंगना के ही शब्द हैं या फिर पटकथा किसी और ने लिखी है? यदि नहीं, तो फिर देश के प्रधानमंत्री, हरियाणा के मुख्यमंत्री और तमाम भाजपा सांसद-विधायक इस मुद्दे पर खामोश क्यों हैं?’’

इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस नेता सैलजा ने भाजपा की आलोचना करते हुए पूछा कि पार्टी देश के किसानों के प्रति इतनी ‘‘नफरत’’ क्यों पाले हुई है।

उन्होंने एक बयान में कहा, ‘‘भाजपा ने हमेशा देश के किसानों को झूठ, छल, षड्यंत्र और अत्याचार का शिकार बनाया है। एक बार फिर भाजपा की एक सांसद ने हमारे किसानों पर बेबुनियाद आरोप लगाए हैं।’’

कांग्रेस सांसद ने यह भी पूछा कि किसानों के खिलाफ कंगना की अपमानजनक टिप्पणी क्या भाजपा की चुनावी रणनीति का हिस्सा है और उन्होंने जो कुछ कहा उसकी पटकथा क्या किसी और ने लिखी है। उन्होंने इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा नेतृत्व से जवाब मांगा।

कुछ किसान नेताओं ने दावा किया कि कंगना ने अपनी आगामी फिल्म ‘इमरजेंसी’ को सफल बनाने के लिए ही यह टिप्पणी की है।

पंजाब के किसान नेता सरवन सिंह पंधेर, हरप्रीत सिंह, तेजवीर सिंह, शेर सिंह और अन्य ने एक बयान में कहा कि जब कभी उनके (कंगना के) पास मुद्दे नहीं होते, वह पंजाब और किसानों के खिलाफ बोल कर अपने पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश करती हैं। लेकिन लोग सच जानते हैं और कोई इसे गंभीरता से नहीं लेता।

हरियाणा में आम आदमी पार्टी (आप) के नेता सुशील गुप्ता ने कहा कि भाजपा को किसानों से इसलिए नफरत है कि उन्होंने कृषि कानून वापस लेने के लिए उसे (भाजपा नीत केंद्र सरकार) को मजबूर किया था।

गुप्ता ने कहा कि कंगना भाजपा की ऐसी एकमात्र नेता नहीं हैं जो किसानों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करती हैं। उन्होंने कहा कि उनकी टिप्पणी किसानों के प्रति भाजपा की मानसिकता को दर्शाती है।

इस बीच, भाजपा ने कंगना के बयान से अपनी असहमति जताई।

पार्टी ने एक बयान में कहा, ‘‘भाजपा सांसद कंगना रनौत द्वारा किसान आंदोलन के परिप्रेक्ष्य में दिया गया बयान, पार्टी का मत नहीं है। भाजपा कंगना रनौत के बयान से असहमति व्यक्त करती है। पार्टी की ओर से, पार्टी के नीतिगत विषयों पर बोलने के लिए कंगना रनौत को न तो अनुमति है और न ही वे बयान देने के लिए अधिकृत हैं।’’

अब निरस्त किये जा चुके कृषि कानूनों के खिलाफ कई महीनों तक दिल्ली की सीमाओं पर हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश के हजारों किसानों ने आंदोलन किया था।

 
अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Congress, BJP, Kangana on farmers, Kangana Ranaut, Farmer protest
OUTLOOK 26 August, 2024
Advertisement