Advertisement
05 June 2024

कांग्रेस अध्यक्ष का बयान, संविधान में आस्था रखने वाले दलों का 'इंडिया' गठबंधन में स्वागत है

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने 'इंडिया' गठबंधन के घटक दलों के नेताओं की बैठक में बुधवार को कहा कि इस गठबंधन में उन सभी दलों का स्वागत है, जो संविधान की प्रस्तावना में अटूट आस्था रखते हैं और इसके आर्थिक, सामाजिक तथा राजनीतिक न्याय के उद्देश्यों को लेकर प्रतिबद्ध हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि लोकसभा चुनाव का जनादेश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ है, लेकिन वह इसे नकारने की हरसंभव कोशिश करेंगे। खड़गे ने बैठक में अपने संबोधन में कहा, "मैं ‘इंडिया’ गठबंधन के सभी साथियों का स्वागत करता हूं। हम एक साथ लड़े, तालमेल से लड़े और पूरी ताक़त से लड़े। आप सबको बधाई।"

उन्होंने कहा, "18वीं लोकसभा चुनाव का जनमत सीधे तौर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ख़िलाफ़ है। चुनाव उनके नाम और चेहरे पर लड़ा गया था और जनता ने भाजपा को बहुमत न देकर उनके नेतृत्व के प्रति साफ़ संदेश दिया है।" कांग्रेस अध्यक्ष के मुताबिक, व्यक्तिगत रूप से नरेन्द्र मोदी के लिए यह ना सिर्फ़ राजनीतिक शिकस्त है, बल्कि नैतिक हार भी है।

Advertisement

उन्होंने दावा किया, "परन्तु, हम सब उनकी आदतों से वाक़िफ़ हैं। वो इस जनमत को नकारने की हरसंभव कोशिश करेंगे।"खड़गे ने कहा, "हम यहां से यह भी संदेश देते हैं कि ‘इंडिया’ गठबंधन उन सभी राजनीतिक दलों का स्वागत करता है, जो भारत के संविधान की प्रस्तावना में अटूट विश्वास रखते है और इसके आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक न्याय के उद्देश्यों को लेकर प्रतिबद्ध हैं।"

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Congress, BJP, Mallikarjun Khadge, India Alliance, Loksabha election 2024
OUTLOOK 05 June, 2024
Advertisement