Advertisement
02 April 2021

ममता सोनिया गांधी से मांगेंगी माफी? अधीर रंजन का चलेगा दांव

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीति चरम पर है।इस बीच ममता बनर्जी की ओर से गैर भाजपा नेताओं को चिट्ठी लिखने को लेकर कांग्रेस पार्टी ने उन पर पलटवार किया है। कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने ममता बनर्जी पर हमला करते हुए कहा है कि चुनाव से पहले ममता बनर्जी को सोनिया गांधी क्यों नहीं याद आई। चौधरी ने मुख्यमंत्री बनर्जी पर आरोप लगाया कि वह पश्चिम बंगाल में कांग्रेस और वाम के संयुक्त मोर्चे से डर गई हैं जिसके बाद यह कदम उठाया।

एबीपी न्यूज के अनुसार, कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा, ''ममता बनर्जी कांग्रेस और लेफ्ट के संयुक्त मोर्चे से डर गई हैं। जिन पर उन्होंने सालों से अत्याचार किया अब वह मोर्चा बढ़ता दिखाई दे रहा है तो डर से ये प्रस्ताव दे रही हैं। हमारा लक्ष्य स्पष्ट है भाजपा और टीएमसी दोनों को हराना।''

उन्होंने पूछा, ''ममता बनर्जी ने चुनाव से पहले सोनिया गांधी को प्रस्ताव क्यों नहीं दिया। यदि अब ये बोल रहीं तो दिल्ली जाकर सोनिया गांधी से मिलें, उनसे माफी मांगे। इसके बाद नेतृत्व निर्णय करेगा कि क्या करना है।''

Advertisement

बता दें कि बुधवार को विधानसभा चुनावों के बीच ममता बनर्जी ने सोनिया गांधी सहित कई विपक्षी दलों के नेताओं को पत्र लिखा था। ममता बनर्जी ने अपने पत्र में कहा था कि लोकतंत्र और संविधान पर भाजपा के कथित हमलों के विरुद्ध 'एकजुट होकर और प्रभावशाली ढंग से' संघर्ष करने का वक्त आ गया है। ममता बनर्जी ने अपने पत्र में लिखा था कि विपक्षी नेताओं को देश के लोगों के लिए एक 'विश्वसनीय विकल्प' पेश करने का प्रयास करना चाहिए। ममता बनर्जी ने पत्र में आरोप लगाया है कि आजादी के बाद से केंद्र-राज्य संबंध सबसे खराब स्थिति में है।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: सोनिया गांधी, ममता बनर्जी, अधीर रंजन चौधरी, कांग्रेस, टीएमसी, पश्चिम बंगाल, Sonia Gandhi, Mamta Banerjee, Adhir Ranjan Chaudhary, Congress, TMC, West Bengal
OUTLOOK 02 April, 2021
Advertisement