Advertisement
31 May 2024

उपमुख्यमंत्री शिवकुमार का दावा, कर्नाटक में विपक्षी पार्टियां 'काला जादू' करवा रही हैं

कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने विपक्षी पार्टियों को लेकर बड़ा दावा किया है। शिवकुमार ने कहा कि उनके राजनीतिक विरोधी कर्नाटक में कांग्रेस सरकार को अस्थिर करने के लिए ‘शत्रु भैरव यज्ञ’ नामक काला जादू कर रहे हैं। शिवकुमार का मानना है कि इस यज्ञ का उद्देश्य उन्हें और मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को राजनीतिक रूप से नष्ट करना है।

मीडिया से बात के दौरान, शिवकुमार ने अपनी कलाई पर बंधे धागे की ओर इशारा करते हुए कहा कि उन्होंने ये धागा ऐसी बुरी नजर से बचने के लिए ही बांधा है। शिवकुमार ने कहा कि उन्हें बताया जा रहा है कि केरल के तांत्रिक सरकार को परेशान करने के लिए केरल के राजा राजेश्वरी मंदिर के पास एक सुनसान जगह पर अनुष्ठान कर रहे हैं, जिसमें जानवरों की बलि भी शामिल है।

शिवकुमार ने कहा, "केरल के तांत्रिकों का इस्तेमाल हमारे खिलाफ़ 'शत्रु बैरवी यज्ञ' करने के लिए किया जा रहा है। हमें दृढ़ विश्वास है कि भगवान और लोगों का आशीर्वाद हमारी रक्षा करेगा।" उपमुख्यमंत्री ने दावा किया कि उनके पास काले जादू की रस्मों से जुड़े लोगों से जानकारी है। उन्होंने आगे कहा कि यज्ञ 'अघोरियों' द्वारा किया जा रहा है और अनुष्ठान के लिए 21 लाल बकरे, तीन भैंस, 21 काली भेड़ और पांच सूअरों की बलि दी जा रही है।

Advertisement

उन्होंने कहा, "केरल में राजराजेश्वरी मंदिर के पास शत्रु संहार (शत्रुओं का नाश) के लिए शत्रु भैरवी यज्ञ किया जा रहा है। इसके लिए 'पंच बलि' (पांच तरह की बलि) दी जा रही है, जिसमें- 21 बकरियां, तीन भैंसें, 21 काली भेड़ें, पांच सूअर शामिल हैं। अघोरियों से संपर्क किया जा रहा है।"

शिवकुमार ने किसी का नाम लिए बिना आरोप लगाया कि कर्नाटक में कुछ राजनीतिक लोग इसे करवा रहे हैं। उन्होंने कहा, "अगर राजनीतिक लोग नहीं तो और कौन इसे करवाएगा? राजराजेश्वरी मंदिर के पास जाकर देखिए।" यह पूछे जाने पर कि क्या वह इस तरह के अनुष्ठानों में विश्वास करते हैं, उपमुख्यमंत्री ने कहा कि नुकसान पहुंचाने के उनके प्रयासों और प्रयोगों के बावजूद, जिस शक्ति पर वह विश्वास करते हैं, वह उनकी रक्षा करेगी। उन्होंने कहा, "यह किसी की आस्था पर आधारित है, उन्हें मेरे खिलाफ कोई भी प्रयोग करने दें, एक शक्ति है जिस पर मैं विश्वास करता हूं, वह मुझे बचाएगी।"

बता दें कि शिवकुमार ने प्रधानमंत्री मोदी के कन्याकुमारी के दो दिवसीय ध्यान प्रवास पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, ये सभी व्यक्तिगत मान्यताएं हैं और किसी के लिए भी इन पर निर्णय देना अनुचित है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Deputy Chief Minister Shivakumar, DK on black magic z Karnataka, Loksabha election 2024, BJP, Congress
OUTLOOK 31 May, 2024
Advertisement