Advertisement
15 October 2019

मुर्शिदाबाद ट्रिपल मर्डर मामले में राष्ट्रपति कोविंद से मिला भाजपा का प्रतिनिधिमंडल

File Photo

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद ट्रिपल मर्डर केस को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात की। इस प्रतिनिधिमंडल में भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, मुकुल रॉय, एसएस अहलूवालिया शामिल हैं। बता दें कि भाजपा ने मृतक को आरएसएस कार्यकर्ता बताया था। भाजपा ने इसे लेकर राज्य की ममता बनर्जी सरकार और टीएमसी पर निशाना साधा था।  

वहीं, इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी उत्पल बेहरा पेशे से राजमिस्त्री है। पुलिस का कहना है कि बेहरा ने दो जीवन बीमा पॉलिसी (पीएनबी मेटलाइफ) के लिए मृतक बंधु प्रकाश पाल को पैसे दिए थे। पाल ने पहली पॉलिसी के लिए रसीद दी थी लेकिन उसने दूसरी पॉलिसी के लिए उसे रसीद नहीं दी। पुलिस के मुताबिक इसी को लेकर दोनों के बीच विवाद था, जिसके बाद उसने पाल, उसकी पत्नी और बेटे की हत्या कर दी।

जघन्य तरीके से की गई हत्या

Advertisement

मुर्शिदाबाद के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने बताया कि उत्पल बेहरा को सागरदीघि के साहापुर इलाके से सुबह गिरफ्तार किया गया। मुर्शिदाबाद जिले के जियागंज में अज्ञात बदमाशों ने घर में घुसकर धारदार हथियार से पाल, उनकी गर्भवती पत्नी ब्यूटी और उनके आठ वर्षीय बेटे अंगन की हत्या कर दी थी।

पैसे को लेकर था दोनों में विवाद

पुलिस ने बताया कि बेहरा ने दो जीवन बीमा पॉलिसी के लिए पाल को धन दिया था। पुलिस ने कहा, 'हालांकि पाल ने पहली पॉलिसी के लिए रसीद दी थी लेकिन उसने दूसरी पॉलिसी के लिए उसे रसीद नहीं दी। पाल और बेहरा के बीच पिछले कुछ सप्ताह से इस मामले को लेकर विवाद चल रहा था।'

आरोपी ने कबूला अपराध

पुलिस के मुताबिक पाल ने बेहरा का अपमान भी किया था। इसे लेकर बेहरा काफी गुस्से में था। इसके बाद उसने उसकी हत्या करने का फैसला किया। हालांकि बेहरा ने बाद में पाल की पत्नी और बेटे की भी हत्या कर दी। पुलिस ने दावा किया कि बेहरा ने अपना अपराध कबूल कर लिया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: BJP, Kailash Vijayvargiya, Mukul Roy, President Ram Nath Kovind, Murshidabad triple murder case
OUTLOOK 15 October, 2019
Advertisement