Advertisement
12 September 2017

राहुल के बचाव में बोली कांग्रेस- ‘एक राजनेता की तरह कांग्रेस उपाध्यक्ष ने दिया बयान’

बीजेपी के पलटवार के बाद कांग्रेस राहुल के बचाव के लिए मैदान में उतरी। कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने राहुल गांधी के बयान पर सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने एक राजनेता की तरह बयान दिया। आनंद ने कहा कि राहुल ने अपनी नाकामियों को भी स्वीकार किया और साथ ही सत्तारूढ़ पार्टी की कमजोरियों को भी गिनाया।

साथ ही, आनंद शर्मा ने यह भी कहा कि राहुल गांधी ने विदेशी धरती पर देश का सम्मान बढ़ाया है। अगर विदेश की धरती पर किसी ने देश का अपमान किया है, तो वह नरेंद्र मोदी हैं और पीएम बनने के बाद बार-बार किया है। शर्मा ने कहा कि मोदी ने अपनी पहली विदेश यात्रा के दौरान कहा था कि भारत की छवि एक भ्रष्ट देश की थी।

बता दें कि अमेरिका में दिए गए कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के भाषण पर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने पलटवार करते हुए कहा कि पीएम मोदी पर तंज करना राहुल के लिए कोई नई बात नहीं है। स्मृति ने कहा, 'देश की जनता ने प्रधानमंत्री मोदी में विश्वास जताया है, वो गांव से निकले हुए व्यक्ति हैं'। स्मृति ने आगे कहा कि राहुल गांधी अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पीड़ा बता रहे हैं।

Advertisement

स्मृति ईरानी ने कहा कि कांग्रेस की आलोचना कर कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल सोनिया गांधी पर ही सवाल उठा रहे हैं। स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी के वंशवाद को लेकर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि कांग्रेस उपाध्यक्ष विफल वंशवादी हैं।

वहीं, भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने भी ट्वीट किया, राहुल अमेरिका  में जाकर अपने ही देश की आलोचना कर रहे हैं, जो उनकी निराशा को दर्शाता है। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि कश्मीर में शांति तो उस वक्त से गायब है, जब केंद्र और राज्य दोनों में कांग्रेस की सरकार थी।

मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि जिन लोगों ने दशकों तक देश के गरीब-कमजोरों का राजनीतिक शोषण किया हो, यह माहौल उनको हजम नहीं होगा। उन्होंने कहा किदेश का दुष्प्रचार विदेशों में करने में ये लोग सफल नहीं होंगे।

साथ ही, भाजपा नेता राम माधव ने कहा कि दशकों से कांग्रेस के कुशासन के कारण और उनके ग्रैंडफादर की नीतियों के कारण कश्मीर में समस्याएं पैदा हुई हैं, ये राहुल गांधी को पढ़ना चाहिए।

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Anand Sharma, Congress Vice President, statement, politician
OUTLOOK 12 September, 2017
Advertisement