Advertisement
20 October 2019

महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव LIVE: वोटिंग शुरू

File Photo

महाराष्ट्र और हरियाणा में 21 अक्टूबर यानी सोमवार को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होना है। इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दोनों ही प्रदेशों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सोमवार को महाराष्ट्र और हरियाणा के विधानसभा चुनाव के अलावा उत्तर प्रदेश की 18 सीटों समेत देश में कुल 51 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव भी हो रहे हैं। गुरुवार 24 अक्टूबर को मतगणना होगी।

यहां उपचुनाव

21 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश की 11 सीटों समेत गुजरात की 6, बिहार की 5, केरल की 5, पंजाब की 4, असम की 4, सिक्किम की 3, राजस्थान की 2 तमिलनाडु की 2 और हिमाचल प्रदेश की 2 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव कराए जाएंगे। इसके अलावा तेलंगाना, एमपी, पुडुचेरी, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय और छत्तीसगढ़ की 1-1 सीट पर वोटिंग होगी। इसी दिन बिहार की समस्तीपुर लोकसभा सीट पर वोटिंग कराई जाएगी।

Advertisement

महाराष्ट्र में 8.95 करोड़ वोटर 

महाराष्ट्र विधानसभा की कुल 288 सीटों के लिए कुल 3,239 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। राज्य में कुल 8 करोड़ 95 लाख 62 हजार 706 मतदाता मताधिकार का उपयोग करेंगे। चुनाव के लिए राज्य में कुल 95,473 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। वोटिंग के लिए 1.8 लाख ईवीएम मशीनों का उपयोग होगा।

हरियाणा में कांग्रेस-बीजेपी की जंग

हरियाणा में भी इस बार चुनावी मुकाबला काफी दिलचस्प होने वाला है। सीएम मनोहर लाल खट्टर एक बार फिर जहां सत्ता में वापसी के लिए पूरा जोर लगाकर चुनाव प्रचार कर चुके हैं, वहीं आंतरिक कलह से किसी तरह उबरी कांग्रेस राजनीतिक संजीवनी तलाशने में जुटी है। दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के अलावा इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो), जननायक जनता पार्टी और हरियाणा लोकहित पार्टी जैसे दल भी जीत के लिए जोर-आजमाइश कर रहे हैं।

दिग्गज नेता और खिलाड़ी हैं मैदान में

महाराष्ट्र और हरियाणा के कई दिग्‍गज नेता चुनाव मैदान में हैं। महाराष्‍ट्र में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण, पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण, विजय वडेट्टीवार, एनसीपी के वरिष्ठ नेता अजित पवार, जयंत पाटील और नवाब मलिक प्रमुख प्रत्‍याशियों में शामिल हैं। इसके अलावा बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल और शिवसेना के आदित्य ठाकरे पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं। हरियाणा में मुख्‍यमंत्री खट्टर के अलावा कुमारी शैलजा, पूर्व सीएम भूपिंदर सिंह हुड्डा, अनिल विज, रणदीप सुरजेवाला और कैप्‍टन अभिमन्‍यु दिग्‍गज उम्‍मीदवार हैं। इस बार योगेश्‍वर दत्‍त, बबीता फोगाट और संदीप सिंह जैसे खिलाड़ियों को भी टिकट दिया गया है।

हरियाणा में 2923 मतदान केंद्र संवेदनशील

हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों पर वोटिंग होगी। राज्य के 2,923 मतदान केंद्रों की पहचान संवेदनशील और 83 की अतिसंवेदनशील के तौर पर की गई है। हरियाणा में 10,309 स्थानों पर कुल 19578 मतदान केंद्र हैं। इनमें 13837 मतदान केंद्रों को ग्रामीण इलाकों में स्थापित कराया गया है। प्रदेश में चुनाव की वोटिंग के दौरान कुल 1169 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होगा, जिसमें मुख्य रूप से बीजेपी, कांग्रेस और क्षेत्रीय दलों के उम्मीदवार शामिल हैं। राज्य पुलिस के अलावा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल समेत अन्य सुरक्षा बलों के जवानों को तैनात किया गया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Assembly elections, maharashtra, haryana, 21 october
OUTLOOK 20 October, 2019
Advertisement