Advertisement
24 September 2019

हरियाणा चुनाव के लिए 29 अक्टूबर को जारी हो सकती है भाजपा-कांग्रेस के उम्मीदवारों की लिस्ट

File Photo

21 अक्टूबर को होने वाले हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा व कांग्रेस के प्रत्याशियों की पहली सूची जारी नवरात्र के पहले दिन यानी 29 सितंबर को जारी करने की तैयारी है। मधुसूदन मिस्त्री की अध्यक्षता में कांग्रेस की प्रदेश चुनाव समिति की पहली बैठक 26 सितंबर को दिल्ली के पंजाब भवन में होगी। इधर भाजपा की एक बैठक मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की अध्यक्षता में हो चुकी है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि जहां भाजपा 50 प्रत्याशियों की पहली सूची 29 सितंबर को जारी कर सकती है, वहीं कांग्रेस भी इसी दिन 40 से अधिक प्रत्याशियों की सूची जारी करने की तैयारी में है। अगले सात दिनों में दोनों पार्टियां प्रत्याशियों की घोषणा कर देंगी। इधर आम आदमी पार्टी 22 प्रत्याशियों की पहली  सूची जारी कर चुकी है। सूत्रों के अनुसार, भाजपा की पहली सूची में उत्तर, पश्चिम और दक्षिण हरियाणा की काफी सीटों को शामिल किया गया है। पार्टी के संकल्प पत्र को भी 25 सितंबर तक अंतिम रूप दे दिया जाएगा। इसके बाद सीएम मनोहर लाल खट्टर और प्रभारी डॉ. अनिल जैन संकल्प पत्र को जांचेंगे।

कांग्रेस ने आवेदन की अंतिम तारीख 25 सितंबर की

कांग्रेस के टिकट से लड़ने के लिए प्रदेश की 90 विधानसभा सीटों के लिए अब तक करीब 1150 आवेदन आए हैं। चंडीगढ़ मुख्यालय में 550, नई दिल्ली में 600 आवेदन आए हैं। आवेदन जमा कराने की आखिरी तारीख 23 से बढ़ाकर 25 सितंबर कर दी गई है। सबसे अधिक सोहना सीट पर अब तक तीन दर्जन से अधिक लोगों ने आवेदन किया है।

Advertisement

कांग्रेस का जोर जीटी रोड बेल्ट पर

सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस जीटी बेल्ट की करीब 25 विधानसभा सीटों पर फोकस किए हुए है। ये वही सीटें हैं जिन पर पहले कांग्रेस का कब्जा होता था। 2014 के विधानसभा चुनावों में भाजपा ने यह सीटें कांग्रेस से छीन ली थी। इन सीटों पर भाजपा के संभावित उम्मीदवारों की सूची को ध्यान में रखते हुए रणनीति बन रही है। इसके लिए कांग्रेस की भाजपा पर नजर बनी हुई है और उसी के अनुसार अपने उम्मीदवारों के नाम तय करेगी।

कैथल में शक्ति पदर्शन करेगी इनेलो

25 सितंबर को पूर्व प्रधानमंत्री देवीलाल के जन्मदिन के मौके इनेलो कैथल में आयोजित  प्रदेश स्तरीय रैली के जरिए शक्ति प्रदर्शन करेगी। रैली में पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला,पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल,आंध्रप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के मौजूदगी में इनेलो महासचिव अभय चौटाला पार्टी के विधानसभा प्रत्याशियों का मंच से परिचय करा सकते हैं। इनेलो से टूट कर बनी जननायक जनता पार्टी के दुष्यंत चौटाला रोहतक रैली में शक्ति प्रदर्शन कर चुके हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: BJP-Congress, 29th september, haryana assembly elections
OUTLOOK 24 September, 2019
Advertisement