Advertisement
04 February 2020

महात्मा गांधी पर हेगड़े के विवादित बयान का मामला भाजपा ने अनुशासन समिति को भेजा

file photo

हाल में भाजपा सांसद अनंत कुमार हेगड़े द्वारा महात्मा गाधी पर की गईं टिप्पणी पर भाजपा अनुशासन की कार्रवाई कर सकती है। भाजपा सूत्रों के मुताबिक, मामले को पार्टी की अनुशासनात्मक समिति को भेज दिया गया है। वहीं, विवादित बयान के चलते हेगड़े को संसदीय दल की बैठक में भी एंट्री नहीं दी गई। बता दें कि हेगड़े ने बेंगलुरु में एक कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नेतृत्व वाले स्वतंत्रता आंदोलन को 'ड्रामा' बताया था। भाजपा ने इस पर नाराजगी जताते हुए बिना शर्त माफी की बात कही थी।

संसदीय दल की बैठक में नहीं मिली इंट्री

मंगलवार को भाजपा की संसदीय दल की बैठक में भी अनंत हेगड़े को एंट्री नहीं मिली। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, रविशंकर प्रसाद, प्रकाश जावड़ेकर, रमेश पोखरिया और निर्मल सीतारमण सरिखे कई केंद्रीय मंत्री मौजूद रहे। बैठक में भोपाल से भाजपा सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने भी इसमें हिस्सा लिया।  गौरतलब है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभालने के बाद जे पी नड्डा की यह पहली संसदीय दल की बैठक था।

Advertisement

हेगड़े ने दी यह सफाई

हेगड़े ने अपने दिए गए बयान पर सफाई देते हुए कहा कि उनका भाषण सार्वजनिक है। यदि कोई देखना चाहता है, तो यह ऑनलाइन और उनकी वेबसाइट पर उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि मैंने कभी महात्मा गांधी और पंडित नेहरू के खिलाफ एक शब्द नहीं कहा। मैं सिर्फ स्वतंत्रता संग्राम के बारे में चर्चा कर रहा था। साथ उन्होंने कहा कि सभी संबंधित मीडिया रिपोर्ट्स झूठी हैं। मैंने ऐसा कभी नहीं कहा जिस पर बहस हो रही है। यह एक अनावश्यक विवाद है।

लोकसभा में हंगामा

इससे पहले कर्नाटक भाजपा के प्रमुख नलिन कुमार कात्याल ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा इस मामले को देखते हुए उचित कदम उठाएंगे। वहीं, मंगलवार को भी विपक्षी दलों ने इस मुद्दे पर लोकसभा में हंगामा किया। कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी और पार्टी सांसद मनिकम टैगोर की तरफ से सिटीजनशिप अमेंडमेंट एक्ट (सीएए) के कारण देश में ‘भय के वातावरण’ कहते हुए लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव दिया गया।

क्या है मामला

पिछले दिनों उत्तर कन्नड़ के सांसद भाजपा सांसद अनंत कुमार हेगड़े ने महात्मा गांधी पर हमला करते हुए कहा “उनके नेतृत्व में किया गया स्वतंत्रता संग्राम एक ‘नाटक’ था और इन्हें भारत में 'महात्मा' कहा जाता है। इसका मंचन अंग्रेजों की मंजूरी के साथ किया था। यह एक वास्तविक लड़ाई नहीं थी। यह एक समायोजन स्वतंत्रता थी।” जिसके बाद भाजपा के कई शीर्ष नेताओं ने नाखुशी जाहिर की थी।

    

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: BJP, MP Anant Kumar Hegde, react on his statement, Mahatma Gandhi
OUTLOOK 04 February, 2020
Advertisement