Advertisement
05 October 2023

"खुलेआम भ्रष्टाचार करना AAP का चरित्र है...'': संजय सिंह की गिरफ्तारी पर भाजपा

भुवनेश्वर में एक प्रेस वार्ता में संबित पात्रा ने कहा, "कल आप सांसद संजय सिंह को ईडी ने एक शराब घोटाले के मामले में गिरफ्तार कर लिया। खुले में भ्रष्टाचार करना और पकड़े जाने पर राजनीति शुरू कर देना, आप का चरित्र है।"

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि दिल्ली उत्पाद शुल्क नीति मामले के आरोपियों को एक एक कर पकड़ा जाएगा। गौरतलब है कि इस मामले में संजय सिंह की गिरफ्तारी, पूर्व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के बाद दूसरी हाई प्रोफाइल गिरफ्तारी है। 

संघीय एजेंसी ने राष्ट्रीय राजधानी में अब रद्द की गई शराब उत्पाद शुल्क नीति के संबंध में बुधवार सुबह आप नेता संजय सिंह के आवास पर छापा मारा। इसी संदर्भ में संजय सिंह के दो कथित करीबी सहयोगियों के परिसरों पर ईडी की छापेमारी के बाद यह घटनाक्रम हुआ। संजय सिंह के पिता दिनेश सिंह ने ईडी पर अपने "आकाओं" के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया।

Advertisement

 दिनेश सिंह ने कहा, "उन्होंने (ईडी) वही किया जो उनके आकाओं ने उनसे कहा था। उन्हें मेरे आवास पर कुछ नहीं मिला। जब आपको कुछ नहीं मिलता, तो तलाशी में समय लगता है। उन्हें कुछ नहीं मिला इसलिए इसमें समय लगा।"

 गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया देते हुए आप सांसद संदीप पाठक ने आरोप लगाया कि यह मामला और कुछ नहीं बल्कि "आप को अवैध रूप से तोड़ने और हराने की प्रक्रिया" है। पाठक ने कहा, "यह परीक्षा का समय है। आप मजबूत होकर उभरेगी। यह 15 महीने से चल रहा है। उन्होंने हजारों स्थानों पर छापे मारे और लोगों पर अत्याचार किया। कुछ भी सामने नहीं आया है और कुछ भी सामने नहीं आएगा। उन्होंने एक आप नेता को एक ऐसे मामले में गिरफ्तार किया है, जिस नीति से सरकार को फायदा हुआ है।''

 "वे ऐसा क्यों कर रहे हैं? आप के गठन के बाद, दिल्ली और पंजाब भाजपा के हाथ से फिसल गए। आप ने फिर गुजरात और अन्य राज्यों में प्रवेश किया। वे जानते हैं कि हमें ईमानदारी से और कानूनी रूप से हराना मुश्किल है। इसलिए, यह एक गैरकानूनी तरीके से तोड़ने और हराने की प्रक्रिया है। आखिरकार न्याय होगा। हमें भगवान, न्यायालय और जनता पर भरोसा है।"

 प्रवर्तन निदेशालय के दावों के अनुसार, सिंह और उनके सहयोगियों ने 2020 में शराब की दुकानों और व्यापारियों को लाइसेंस देने के दिल्ली सरकार के फैसले में भूमिका निभाई, जिससे राज्य के खजाने को नुकसान हुआ और भ्रष्टाचार विरोधी कानूनों का उल्लंघन हुआ।

 इस बीच, दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने सिंह की गिरफ्तारी की निंदा करते हुए कहा, "संजय सिंह की गिरफ्तारी पूरी तरह से अवैध है। यह मोदी जी की घबराहट को दर्शाता है। वे चुनाव तक कई और विपक्षी नेताओं को गिरफ्तार करेंगे।"

 साथ ही, आप सांसद की गिरफ्तारी पर INDIA गठबंधन के नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की।

 राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता मनोज झा ने कहा, "यह ईडी नहीं है जिसने संजय सिंह को गिरफ्तार किया है, उन्हें भाजपा की इकाई ने गिरफ्तार किया है जिसमें ईडी-आईटी-सीबीआई शामिल है। काले दिन शुरू हो गए हैं... इस युग में तानाशाही का, जो डर गया वो मर गया। तानाशाह खुद डरे हुए हैं। इस डर का बदला जल्द ही लिया जाएगा।"

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Sanjay singh, sanjay singh arrested, aam Aadmi party sanjay singh, arvind kejriwal, bjp aap, sambit patra, ed arrest
OUTLOOK 05 October, 2023
Advertisement