Advertisement
11 July 2018

एयरसेल-मैक्सिस मामले में बोले चिदंबरम- पीछे पड़ा है ईडी, कोर्ट में ही देंगे जवाब

एयरसेल-मैक्सिस मामले में बोले चिदंबरम- पीछे पड़ा है ईडी, कोर्ट में ही देंगे जवाब | file photo

एयरसेल-मैक्सिस मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कांग्रेस वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम ने बुधवार को आरोप लगाया कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) उनके पीछे पड़ा हुआ है, जबकि एफआईआर में उनका नाम तक नहीं है। उन्होंने कहा कि आरोपों का जवाब वो कोर्ट में ही देंगे।

दरअसल, कांग्रेस नेता का यह बयान ऐसे समय में आया है जब दिल्ली की एक अदालत ने चिदंबरम और उनके बेटे कार्ति की गिरफ्तारी पर लगाई रोक को 7 अगस्त तक के लिए बढ़ा दी है।

इससे पहले, पटियाला हाउस कोर्ट ने 2 मई को कार्ति की अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए गिरफ्तारी पर 10 जुलाई तक रोक लगा दी थी। इस मामले में इसके बाद अदालत ने पांच जून को कार्ति के पिता पी. चिदंबरम की गिरफ्तारी पर रोक को 10 जुलाई तक बढ़ा दिया था।

Advertisement

बुधवार को पूर्व वित्त मंत्री ने ट्वीट कर कहा कि एयरसेल-मैक्सिस मामले की एफआईआर में किसी अपराध का उल्लेख नहीं है, ना तो किसी सरकारी अधिकारी का नाम दर्ज है। फिर भी प्रवर्तन निदेशालय पीछे पड़ा है। हालांकि उन्होंने कहा कि आरोपों का जवाब वो कोर्ट में ही देंगे।

गौरतलब है कि इस मामले में कार्ति चिदंबरम के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 13 जून को अदालत में चार्जशीट दाखिल की थी। हालांकि इस चार्जशीट में पी. चिदंबरम को आरोपी नहीं बनाया गया है, जिनसे हाल ही में आईएनएक्स मीडिया और एयरसेल मैक्सिस डील के बारे में सीबीआइ व ईडी ने पूछताछ की थी। हालांकि ईडी ने कुछ अन्य लोगों को बाद में आरोपी बनाने के लिए सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल करने का संकेत दिया है।

TAGS: Chidambaram, ED, witch-hunt, Aircel-Maxis case
OUTLOOK 11 July, 2018
Advertisement