Advertisement
14 July 2018

चिदंबरम का रक्षा मंत्री पर तंज, 'अगर चुनाव के समय है दंगे की जानकारी तो गृह मंत्री को करें अलर्ट'

file photo

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम ने केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण के एक बयान पर उन्हें आड़े हाथों ‌लेते हुए तंज कसा है। हाल ही में निर्मला सीतारमण ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से यह स्पष्ट करने की मांग की थी कि क्या वे मानते हैं कि कांग्रेस एक मुस्लिम पार्टी है। केंद्रीय मंत्री के इसी बयान को लेकर कांग्रेस ने हमला बोला है।

चिदंबरम ने शनिवार को तंज कसते हुए कहा, ‘पाकिस्तान को सबक सिखाने, आतंकवाद पर नकेल कसने, घुसपैठ रोकने और राफेल लड़ाकू विमान की खरीदारी के बाद रक्षा मंत्री (निर्मला सीतारमण) आराम से दुनिया भर के राजनीतिक दलों और लोगों के धार्मिक संबंधों की जड़ तलाश सकती हैं।’

एक अन्य ट्वीट में कांग्रेस नेता ने कहा, ‘रक्षा मंत्री कह रही हैं कि अगले लोकसभा चुनाव में दंगा भड़काने की योजना बनाई जा रही है। उन्हें यह गुप्त सूचना गृह मंत्रालय से साझा करनी चाहिए।’

Advertisement

जानें क्या बोली थीं रक्षा मंत्री

गौरतलब है कि शुक्रवार को निर्मला सीतारमण ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से पूछा था कि क्या वे मानते हैं कि कांग्रेस एक मुस्लिम पार्टी है। उन्होंने साथ ही कांग्रेस पार्टी पर 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले देश को धर्म के नाम पर बांटने का आरोप लगाया थ्‍ाा।

निर्मला सीतारमण ने कहा, ‘कांग्रेस खतरनाक सांप्रदायिक कार्ड खेल रही है। अब यदि 2019 के बीच कुछ भी अप्रिय घटित होता है तो कांग्रेस पूरी तरह जिम्मेदार होगी। क्या कांग्रेस एक मुस्लिम पार्टी है? उन्हें इस पर सफाई देनी चाहिए। राहुल गांधी को इस मुद्दे पर सामने आना चाहिए और बताना चाहिए कि मुस्लिम पार्टी से उनका क्या मतलब था।’

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Chidambaram, Targets, Defence Minister, over her Statement, Rahul Gandhi
OUTLOOK 14 July, 2018
Advertisement