Advertisement
23 June 2018

राहुल पर माओवादियों के प्रति सहानुभूति रखने के आरोपों को चिदंबरम ने बताया बेतुका

file Photo

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम ने भाजपा द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर जेहादियों और माओवादियों के प्रति सहानुभूति रखने के आरोप लगाने के बाद इसे बेतुका बताया है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस ने जेहादियों और माओवादियों के खिलाफ मजबूती से लड़ाई लड़ी है।

चिदंबरम ने शनिवार को ट्वीट कर कहा, ‘इस प्रकार का आरोप बेतुका और हास्यास्पद है कि जेहादियों और माओवादियों को राहुल गांधी की सहानुभूति हासिल है। कांग्रेस ने दोनों समूहों का दृढ़तापूर्वक विरोध किया है।’ उन्होंने कहा, ‘इस बात को कौन भूल सकता है कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने माओवादी हिंसा में लगभग अपना पूरा नेतृत्व खो दिया था?’

कांग्रेस नेता ने कहा कि संप्रग सरकार जम्मू-कश्मीर में जेहादियों से लड़ी और हिंसा की घटनाओं को काफी हद तक कम कर दिया।

Advertisement

उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को भाजपा ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि उनके नेतृत्व में कांग्रेस ने अपनी राजनीति आतंकवादियों के अनुरूप बना ली है। भाजपा ने राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद के कथित बयान का हवाला दिया जिसमें उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में सेना के अभियान में आतंकवादियों से ज्यादा आम नागरिक मारे गए हैं।

OUTLOOK 23 June, 2018
Advertisement