Advertisement
30 September 2018

केजरीवाल का भाजपा पर वार, पूछा- विवेक तिवारी तो हिंदू था, उसे क्यों मारा?

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एपल कंपनी के सेल्स मैनेजर विवेक तिवारी को गोली मारने के मामले पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर निशाना साधा है।

केजरीवाल ने भाजपा से पूछा कि विवेक तिवारी तो हिंदू था, फिर उसे क्यों मारा गया। इस घटना के बाद यूपी पुलिस की हर जगह किरकिरी हो रही है।

लखनऊ शूटआउट को लेकर दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल ने रविवार सुबह ट्वीट कर कहा, 'अपनी आंखों से पर्दा हटाइए। भाजपा हिंदुओं की हितैषी नहीं है। सत्ता पाने के लिए अगर इन्हें सारे हिंदुओं का क़त्ल करना पड़े, तो ये दो मिनट नहीं सोचेंगे।’

Advertisement

मनोज तिवारी ने किया पलटवार

केजरीवाल के हमले का दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष मनोज तिवारी ने जवाब दिया है। मनोज तिवारी ने ट्विटर पर लिखा, ''आप कार्यकर्ता देख लो ओछी सोच अरविंद केजरीवाल की जिसके कोम्प्रोमाईज़ कर लो बोलने पर सोनी की मौत, संतोष कोहली की माता जी कसूरवार केजरीवल को सजा दिलाने के लिए लड़ रहीं हैं। विवेक तिवारी की हत्या हुई है,कसूरवार को सज़ा मिलेगी..हम उसके परिवार के साथ खड़े हैं।''

विवेक तिवारी का अंतिम संस्कार हुआ

यूपी पुलिस की गोली का शिकार बने एप्पल कंपनी के एरिया मैनेजर विवेक तिवारी का लखनऊ में अंतिम संस्कार किया गया। इससे पहले यूपी सरकार ने विवेक तिवारी के परिवार को 25 लाख रुपये मुआवजा और नौकरी देने का एलान किया है, साथ ही कहा है कि अगर जरूरत पड़ी तो सीबीआई जांच भी करवाएंगे।

विवेक की पत्नी ने लगाई सरकार से गुहार

विवेक की पत्नी कल्पना ने कहा,"मेरी रात में डेढ़ बजे उनसे बात हुई थी। कल एपल फोन की लॉन्चिंग थी। वो लेट हो गए थे। सना को ड्रॉप करने गए थे। पौने तीन बजे मैंने फोन किया तो किसी ने कहा कि एक्सीडेंट हुआ है आप लोहिया पहुंचो।"

उन्होंने कहा,"डॉक्टरों ने एक्सीडेंट की बात कही थी, गोली की बात नहीं बताई थी। मैं एक्सीडेंट वाली जगह पर गई, गाड़ी पर गोली के निशान थे। अगर उन्होंने गाड़ी नहीं रोकी थी तो कौन सा क्राइम किया था कि गोली चलाई, मुझे योगी जी से जवाब चाहिए।"

क्या कहते हैं सीएम योगी?

मामले पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लखनऊ की घटना कोई मुठभेड़ की वारदात नहीं है। हम इसकी पूरी जांच कराएंगे। पहली नजर में दोषी दिख रहे पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। जरूरत पड़ेगी तो हम सीबीआई को भी इसकी जांच सौंपेंगे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Cm Arvind kejriwal, attacks, bjp, vivek tiwari, murder case
OUTLOOK 30 September, 2018
Advertisement