Advertisement
02 June 2019

कांग्रेस सोशल मीडिया हेड दिव्या का ट्विटर अकाउंट गायब, आखिरी ट्वीट में दी थी सीतारमण को बधाई

कांग्रेस सोशल मीडिया हेड दिव्या का ट्विटर अकाउंट गायब, आखिरी ट्वीट में दी थी सीतारमण को बधाई | File Photo

कांग्रेस की सोशल मीडिया प्रमुख दिव्या स्पंदना (राम्या) का ट्विटर अकाउंट गायब हो गया है। अंदाजा लगाया जा रहा है कि उन्होंने खुद अपना अकाउंट बंद किया। फिलहाल इस बारे में ना तो कांग्रेस और ना ही दिव्या स्पंदना की तरफ से कोई बयान आया है। दिव्या ने अपना आखिरी ट्वीट एनडीए-2 कैबिनेट के शपथ ग्रहण के बाद किया था। इसमें उन्होंने देश की नई वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को बधाई दी थी।

उन्होंने लिखा था, “आपसे पहले सिर्फ एक महिला ने ही यह जिम्मेदारी निभाई थी। वह थीं 1970 में इंदिरा गांधी। हम महिलाओं को इसका गर्व है। जीडीपी अभी ठीक नहीं लग रही। मुझे विश्वास है कि अर्थव्यवस्था को ठीक करने में आप शानदार काम करेंगी। आपको हमारा समर्थन। शुभकामनाएं।”

पार्टी छोड़ने की अटकलों को खारिज किया

Advertisement

माना जा रहा कि यह कांग्रेस की नई रणनीति के तहत भी हो सकता है। हाल ही में कांग्रेस ने अपने प्रवक्ताओं से एक महीने तक टीवी चैनलों की डिबेट में हिस्सा न लेने के लिए कहा है। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, जब स्पंदना से पूछा गया कि क्या उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी है, तो उनका जवाब था कि आपकी जानकारी गलत है।

कांग्रेस के समर्थन में कैंपेन चलाने में दिव्या की अहम भूमिका

सोशल मीडिया के जरिए कांग्रेस पार्टी को लोगों तक पहुंचाने में दिव्या की अहम भूमिका मानी जाती है। हालिया चुनाव प्रचार में भी वे सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहीं। उन्होंने लगातार भाजपा पर निशाने साधे और कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश की। लोकसभा चुनाव में उन्होंने एक मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तुलना जर्मन तानाशाह एडोल्फ हिटलर से कर दी थी, इसके बाद उनके ट्वीट पर विवाद हो गया था।

TAGS: Congress social media head, divya spandana, twitter account is missing
OUTLOOK 02 June, 2019
Advertisement