झारखंड में सीएम रघुवर दास के खिलाफ कांग्रेस के गौरव वल्लभ को टिकट, इस वजह से आए थे चर्चा में
झारखंड विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रोफेसर गौरव वल्लभ को जमशेदपुर ईस्ट सीट से टिकट मिल गया है। वह मुख्यमंत्री रघुवर दास के खिलाफ मैदान में उतारे गए हैं। झारखंड के कई वरिष्ठ नेता चाहते थे कि उन्हें चुनाव में महत्वपूर्ण सीट से उतारा जाए। अंत में झारखंड कांग्रेस ने अपने नेताओं की बात मान ली। एक टीवी डिबेट के बाद वह काफी चर्चा में आ गए थे, जिसमें उन्होंने भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा से पूछ लिया था कि ट्रिलियन में कितने जीरो होते हैं।
जमशेदपुर ईस्ट सीट पर मुख्यमंत्री रघुवर दास की तगड़ी पकड़ रही है। इस सीट पर वह लगातार पांच बार जीत दर्ज कर चुके हैं। हालांकि गौरव वल्लभ का राजनीतिक करियर बहुत लंबा नहीं रहा है। 42 साल के गौरव बिजनेस मैनेजमेंट के प्रोफेसर हैं और डॉक्ट्रेट की डिग्री भी हासिल कर रखी है। वह पहले जमशेदपुर में ही एक्सएलआरआइ में प्रोफेसर थे।
जब संबित पात्रा नहीं दे पाए जवाब
गौरव वल्लभ एक टीवी डिबेट के बाद काफी चर्चा में आ गए थे और उनका वीडियो भी काफी वायरल हुआ। एक न्यूज चैनल के कार्यक्रम में भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा और गौरव वल्लभ दोनों मौजूद थे। जब 5 ट्रिलियन डॉलर इकॉनमी पर बात होने लगी तो अचानक गौरव वल्लभ ने पात्रा से पूछा कि ट्रिलियन में कितने जीरो होते हैं। संबित पात्रा तत्काल उनके सवाल का जवाब नहीं दे पाए। इसके बाद यह वीडियो इंटरनेट पर खूब वायरल हुआ। आज गौरव वल्लभ बड़े टीवी चैनलों की डिबेट में अक्सर नजर आते हैं।
कब है मतदान
झारखंड में 81 सीटों पर पांच चरणों में मतदान होगा। नक्सली समस्या को देखते हुए राज्य में कई चरणों में मतदान कराए जाएंगे। राज्य में 30 नवंबर को पहले चरण के मतदान होने हैं। दूसरे चरण का मतदान, 7 दिसंबर, तीसरे चरण का 12 दिसंबर, 16 को चौथे चरण का और 20 दिसंबर को आखिरी चरण का मतदान होगा और 23 दिसंबर को वोटों की गिनती होगी।