Advertisement
17 September 2019

भगवा कपड़े पहनकर हो रहे बलात्कार, हमारा सनातन धर्म नहीं करेगा माफ: दिग्विजय सिंह

File Photo

कांग्रेस नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भाजपा नेता चिन्मयानंद के बहाने भगवा को लेकर बयान दिया है। भोपाल में संत समागम के दौरान दिग्विजय सिंह ने कहा, ‘आज भगवा पहन कर लोग दुष्‍कर्म कर रहे हैं, मंदिरों के भीतर महिलाओं के साथ यौन उत्‍पीड़न की घटनाए हो रही हैं। क्या यही हमारा धर्म है? हमारे सनातन धर्म को जिन लोगों ने बदनाम किया है, उन्हें ईश्वर भी माफ नहीं करेगा।' इस कार्यक्रम में साधु-संतों के हितों व गाय की रक्षा, नदियों के संरक्षण, मंदिरों की भूमि का पट्टा, साधु-संतों को वृद्धावस्था पेंशन और मठ-मंदिरों में चल रहीं गो-शालाओं का पंजीयन करने पर चर्चा हो रही है।

लोग भगवा पहनकर चूरन बेच रहे हैं

इस दौरान दिग्विजय सिंह ने कहा कि कोई व्‍यक्ति अपना परिवार छोड़कर साधु बनता है। धर्म का आचरण करते हुए आध्‍यात्‍म की ओर मुड़ता है, लेकिन आज लोग भगवा वस्‍त्र पहनकर लोग चूरन बेच रहे हैं। भगवा वस्‍त्र पहनकर दुष्‍कर्म हो रहे हैं, मंदिरों में महिलाओं का यौन उत्‍पीड़न हो रहे हैं। क्‍या यह हमारा धर्म है? हमारे सनातन धर्म को जिन्‍होंने बदनाम किया है, उन्‍हें भगवान भी माफ नहीं करेगा।'

Advertisement

भाजपा नेता चिन्मयानंद की तरफ था इशारा

दिग्विजय सिंह का इशारा स्वामी चिन्मयानंद की ओर था, जिनकी मुश्किलें बढ़ती हुई नजर आ रही हैं। चिन्मयानंद पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली छात्रा को बयान दर्ज कराने के लिए न्यायिक मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया। माना जा रहा है कि इसके बाद चिन्मयानंद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा। जल्द ही गिरफ्तारी हो सकती है। छात्रा ने पांच सितंबर को दिल्ली के लोधी रोड थाने में स्वामी चिन्यामनंद पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए जीरो क्राइम नंबर पर एफआइआर दर्ज कराई थी। नियमानुसार वहां से एफआइआर एसआइटी को स्थानांतरित कर दी गई।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Digvijay singh, saffron clothes, sanatan dharm
OUTLOOK 17 September, 2019
Advertisement