Advertisement
12 August 2019

दिग्विजय सिंह बोले- जल्द सुलझाएं समस्‍या वरना हाथ से निकल जाएगा कश्मीर, भाजपा का पलटवार

File Photo

कांग्रेस नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्‍यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि अगर कश्‍मीर समस्‍या का जल्‍द हल ना निकाला गया तो कश्‍मीर हमारे हाथ से निकल जाएगा। उन्‍होंने इस संबंध में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से अपील की।

सीहोर के दौरे पर आए दिग्विजय ने अनुच्छेद 370 के बारे में संवाददाताओं से चर्चा की। उन्‍होंने कहा, ‘मैंने आप लोगों से कहा था कि अगर अनुच्छेद 370 हटी तो इसके गंभीर परिणाम होंगे। देखिए, आज कश्मीर जल रहा है। इन्होंने (प्रधानमंत्री मोदी) अपने हाथ आग में डाल दिए हैं। कश्मीर को बचाना हमारी प्राथमिकता है। मैं मोदी जी, अमित शाह जी और अजीत डोवाल जी से सावधान रहने की अपील करता हूं वरना कश्मीर हमारे हाथ से निकल जाएगा।’

सदन में किया था विरोध

Advertisement

इससे पहले दिग्विजय सिंह ने संसद में भी अनुच्छेद 370 को हटाने के फैसले का विरोध किया था। इसके अलावा, दिग्विजय सिंह ने ने सोनिया गांधी के कांग्रेस का अंतरिम अध्यक्ष चुने जाने के फैसले को सही बताया।

भाजपा का पलटवार

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि जितना वह (दिग्विजय सिंह) बोलते हैं उतना भाजपा का वोट शेयर बढ़ता है और कांग्रेस का घटता है। मैं सोनिया जी से पूछना चाहता हूं कि अब जब वह कांग्रेस अध्यक्ष फिर से बन गई हैं तो क्या यह दिग्विजय सिंह बोल रहे हैं या यह पार्टी लाइन भी है?

उन्होंने कहा कि अगर वह (दिग्विजय सिंह) अपना चेहरा पाकिस्तान में देखना चाहते हैं तो हम कुछ नहीं कहना है।

दिग्विजय ने शिवराज पर साधा निशाना

दिग्विजय सिंह ने रविवार को मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के नेता शिवराज सिंह चौहान पर तल्ख टिप्पणी की। दिग्विजय सिंह ने शिवराज सिंह चौहान की उस टिप्पणी पर पलटवार किया जिसमें उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू पर कश्मीर की मौजूदा स्थिति के लिए दोषी ठहराया था। दिग्विजय सिंह ने कहा था कि शिवराज सिंह चौहान, जवाहर लाल नेहरू के कदमों की धूल भी नहीं हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Digvijaya Singh, Modi ji, Amit Shah ji & Ajit Doval ji, Kashmir
OUTLOOK 12 August, 2019
Advertisement