Advertisement
31 October 2017

अखिलेश बोले, न करें ‘झूठी’ भाजपा पर विश्वास

अखिलेश बोले, न करें ‘झूठी’ भाजपा पर विश्वास | google

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज भाजपा पर जोरदार हमला किया। उन्होंने कहा कि भाजपा झूठी है और लोग उस पर विश्वास न करेँ। यादव ने कहा कि भाजपा ने लोगों को किसानों को कर्ज माफी, जीएसटी, नोटबंदी जैसे मामलों पर गुमराह किया है। दूसरी ओर, अखिलेश के आरोपों पर भाजपा ने कहा कि जिन्हें जनता ने नकार दिया है वैसे लोग गलत आरोप लगा रहे हैं।

लखनऊ में सपा मुख्यालय में सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में अखिलेश ने कहा कि केंद्र की मोदी और राज्य की योगी सरकार ने कोई महत्वपूर्ण फैसला नहीं लिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग झूठे हैं। मुझे आश्चर्य होता है कि लोग कैसे इन पर विश्वास कर लेते हैं।

यादव ने कहा कि कुछ ताकतें ऐसी हैं जो समाज को बांटने में विश्वास करती हैं। ये ऐसा राजनैतिक लाभ उठाने और सत्ता हासिल करने के लिए करते हैं। उन्होंने  कहा कि भाजपा ने किसानों की कर्ज माफी, जीएसटी लागू करने और नोटबंदी के नाम पर लोगों को धोखा दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार के फैसलों से अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने केंद्र सरकार को सलाह दी कि वह स्वतंत्रता संग्राम में भाग लेन वाले महान नेताओं के चित्रों वाले नोट जारी करे।

Advertisement

इस बीच, यादव के आरोपों के जवाब में भाजपा के राज्य प्रवक्ता शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि उनकी पार्टी लोगों की भलाई के लिए काम कर रही है। उनसे मिला प्यार ही तानाशाही करने वाले लोगों को करारा जवाब है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व देश पूरी दुनिया के सामने शक्तिशाली देश के रूप में उभरा है। इसी तरह योगी सरकार के छह महीने के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश में कई महत्वपूर्ण काम हुए हैं।

TAGS: Akhilesh, bjp, liar, samajwadi, party, अखिलेश, भाजपा, मोदी
OUTLOOK 31 October, 2017
Advertisement