Advertisement
15 July 2019

कांग्रेस छोड़ने वाले अल्पेश ठाकोर और धवलसिंह जाला भाजपा में होंगे शामिल

File Photo

गुजरात क्षत्रिय ठाकोर सेना के अमित ठाकोर ने सोमवार को कहा कि पूर्व कांग्रेस नेता अल्पेश ठाकोर और धवल सिंह जाला जल्द ही भाजपा में शामिल होंगे। हमें पार्टी की विचारधारा पर विश्वास है। अल्पेश ठाकोर और धवल सिंह जाला ने राज्यसभा उपचुनाव के मतदान के बाद गुजरात विधानसभा से बतौर कांग्रेस विधायक इस्तीफा दे दिया था।

कांग्रेस जनाधार खो चुकी है: अल्पेश ठाकोर

कुछ महीने पहले गुजरात में अल्पेश ठाकोर ने दावा किया था कि राज्य में कांग्रेस के 15 से ज्यादा विधायक पार्टी छोड़ने वाले हैं। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस से हर कोई नाराज और असंतुष्ट है। इसके साथ ही अल्पेश ठाकोर ने कहा था कि यह मेरा फैसला और अंतरात्मा की आवाज थी कि मुझे यहां (कांग्रेस) नहीं रहना है। उन्होंने पार्टी छोड़ते वक्त कहा था कि हमारे साथ धोखा हुआ है। हमने राहुल गांधी के नेतृत्व पर भरोसा किया था। कांग्रेस अपना जनाधार खो चुकी है।

Advertisement

गुजरात में भी दल-बदल की हलचल

कर्नाटक व गोवा के बाद गुजरात में भी भाजपा को कांग्रेस छोड़ने वाले विधायकों का साथ मिल सकता है। धवल सिंह झाला ने बताया कि अल्‍पेश राधनपुर से व वे खुद बायड से ही उपचुनाव लड़ेंगे। अल्‍पेश की उत्‍तर भारतीय विरोधी छवि को लेकर भाजपा में कुछ नेता असमंजस में हैं। संघ से जुड़े नेताओं का मानना है कि इससे पार्टी को भविष्‍य में नुकसान उठाना पड़ सकता है। माना जा रहा है कि इसी के चलते अल्‍पेश का अभी तक भाजपा में प्रवेश नहीं हो पाया है।

बहुचराजी से कांग्रेस विधायक भरत ठाकोर के भी भाजपा में शामिल होने की अटकलें हैं। वहीं, जूनागढ़ से विधायक भिखाभाई जोशी भी कांग्रेस आलाकमान से नाराजगी जाहिर कर चुके हैं। जूनागढ़ महानगर पालिका चुनाव में उनके विरोधियों को टिकट देने से जोशी नाराज बताए जा रहे हैं।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Congress leaders, Alpesh Thakor, Dhavalsinh Zala, BJP
OUTLOOK 15 July, 2019
Advertisement