Advertisement
12 February 2020

गिरिराज सिंह ने फिर दिया विवादित बयान, कहा- देवबंद ‘आतंकवाद की गंगोत्री’

File Photo

हमेशा अपने बयान को लेकर विवादों में रहने वाले केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने एक बार ऐसा ही बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि सहारनपुर में इस्लामिक मदरसा देवबंद आतंकवादियों को पैदा करने का कारखाना है। उन्होंने इस मदरसा को ‘आतंकवाद की गंगोत्री’ तक कह दिया। मंगलवार को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में गिरिराज सिंह ने कहा कि देवबंद हाफिज सईद जैसे आतंकवादी को पैदा करता है। आगे उन्होंने कहा, "मैंने पहले कहा है कि देवबंद आतंकवादियों की गंगोत्री है। दुनिया के सभी मोस्ट वांटेड आतंकवादी देवबंद से आए थे, जिनमें हाफिज सईद के अलावा अन्य भी शामिल हैं।"

‘सीएए-विरोधी प्रदर्शन देश के खिलाफ’

देवबंद में चल रहे सिटीजनशिप अमेंडमेंट एक्ट (सीएए) के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, "ये लोग सीएए के खिलाफ नहीं हैं। ये भारत के खिलाफ हैं। यह एक तरह का खिलाफत आंदोलन है।" बता दें कि देवबंद में पिछले काफी दिनों से मुस्लिम महिलाएं सीएए के विरोध में प्रदर्शन कर रही हैं।

Advertisement

पहले भी दिए थे विवादित बयान

इससे पहले एक वीडियो का जिक्र करते हुए केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा था कि दिल्ली के शाहीन बाग में 'आत्मघाती हमलावर' खड़े किए जा रहे हैं। वीडियो में कुछ बच्चे और बुर्का पहनी महिलाएं कथित तौर पर सीएए और भाजपा विरोधी भाषण दे रही थीं। उन्होंने कहा था कि बच्चों के दिमाग में जहर घोला जा रहा है। उन्होंने कहा था, "यह शाहीन बाग विरोध अब एक आंदोलन नहीं है। यह आत्मघाती हमलावरों को पैदा करने की जगह बन गया है। वहां देश के खिलाफ साजिश रची जा रही है।"

भाजपा नेता ने अरविंद केजरीवाल को फिर कहा आतंकवादी

दिल्ली के विश्वास नगर से विधायक चुने गए भाजपा नेता ओपी शर्मा ने अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा है कि वह एक भ्रष्ट व्यक्ति हैं। उनकी सहानुभूति आतंकवादियों के साथ दिखती हैं। उन्होंने कहा, अरविंद केजरीवाल पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता की भूमिका निभाते हैं। वे भारतीय सेना पर सवाल उठाते हैं और टुकड़े-टुकड़े गैंग का समर्थन करते हैं। दरअसल, आतंकवादी केजरीवाल के लिए उपयुक्त शब्द है।” 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Gangotri of terror, union minister, giriraj singh, Islamic seminary, up produces, terrorists
OUTLOOK 12 February, 2020
Advertisement