Advertisement
06 May 2020

संकट के समय में टैक्स बढ़ना जनता के साथ क्रूर मजाक- चिदंबरम

वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम ने कहा है कि जब कोरोना संकट के कारण देश में आर्थिक गतिविधियां ठप पड़ी हैं, सरकारों को अपने राजकोषीय घाटे की भरपाई के लिए कर्ज लेना चाहिए, न कि टैक्स बढ़ाकर इसका बोझ बढ़ाना चाहिए। केंद्र सरकार ने पेट्रोलियम उत्पादों पर एक्साइज ड्यूटी और दिल्ली के अलावा कुछ अन्य राज्य सरकारों ने वैट बढ़ाया है।

इस समय सरकार को पैसा देना चाहिए, न कि लेना चाहिए

चिदंबरम ने ट्वीट करके कहा कि जब अर्थव्यवस्था बेहतर प्रदर्शन कर रही हो, तभी ज्यादा टैक्स को वाजिब ठहराया जा सकता है। मौजूदा हालात में टैक्स लगाना क्रूर मजाक है। इस समय टैक्स बढ़ाने से मध्यम और गरीब वर्ग की मुश्किलें ही बढ़ेंगी। सरकार को संकट के दौर में पैसा देना चाहिए, न कि पैसा लेकर उन पर बोझ बढ़ाना चाहिए।

Advertisement

घाटे की भरपाई के लिए कर्जें ले सरकार

पूर्व वित्त मंत्री ने कहा कि हम सरकार से देश के 50 फीसदी गरीबों को वित्तीय मदद दिए जाने की वकालत कर रहे हैं। लेकिन सरकार इसके उलट ट्रांसफर कर रही है। वह इस तरह जनता से अपने लिए पैसा ट्रांसफर कर रही है। इसी वजह से यह क्रूर मजाक है। टैक्स का बोझ बढ़ाने से गरीब परिवारों की आर्थिक स्थिति और खराब होगी। सरकार को अपने राजकोषीय घाटे की भरपाई के लिए कर्ज लेना चाहिए, न कि टैक्स बढ़ाना चाहिए।

राहुल गांधी ने अनुचित बताया फैसला

कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में वृद्धि को अनुचित करार दिया है। उन्होंने ट्वीट करके कहा कि पेट्रोल-डीजल पर मूल्य वृद्धि नहीं की जानी चाहिए। सरकार को अपना यह फैसला वापस लेना चाहिए। संकट के समय में इस कदम से आम लोगों की दिक्कतें बढ़ेंगी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Chidambaram, taxes, petrol, lockdown
OUTLOOK 06 May, 2020
Advertisement