Advertisement
29 October 2018

In Pics: राहुल से पहले इंदिरा और सोनिया गांधी भी कर चुकी हैं महाकाल के दर्शन

twitter

मध्य प्रदेश में 28 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनावों की सरगर्मियों के बीच नजदीकी धार्मिक नगरी उज्जैन के प्रसिद्ध महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग में प्रमुख सियासी पार्टियों के आलाकमान के पहुंचने का सिलसिला जारी है।

महाकाल के दरबार में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के हाजिरी लगाने के करीब साढ़े तीन महीने बाद अब उनके कांग्रेसी समकक्ष राहुल गांधी आज भगवान शिव के इस पवित्र स्वरूप के दर्शन के लिए पहुंचे और वहां पूजा-अर्चना की।

राहुल गांधी से पहले गांधी परिवार से उनकी दादी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, पिता राजीव गांधी और माता सोनिया गांधी महाकाल दर्शन कर चुके हैं और आज राहुल गांधी ने यहां पूजा-अर्चना की। कांग्रेस अध्यक्ष बनने से पहले वे 5 अक्टूबर 2010 को महाकाल मंदिर आए थे। ज्योतिर्विद आनंदशंकर व्यास का कहना है कि गांधी परिवार की भगवान महाकाल के प्रति गहरी आस्था रही है।

Advertisement

इंदिरा गांधी ने भी किए थे महाकाल के दर्शन

पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने 30 दिसंबर 1979 महाकाल मंदिर में पहुंचकर बाबा माहाकाल की पूजा अर्चना की थी। माना जाता है कि इमरजेंसी के बाद जब पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की सत्ता चली गई थी तो 1979 में हुए चुनाव से ठीक पहले इंदिरा ने भी महाकाल का दर्शन किया था। इसके बाद महाकाल के आशीर्वाद से इंदिरा 1980 में दोबारा देश की प्रधानमंत्री चुनी गईं।

2008 में सोनिया ने किए थे महाकाल के दर्शन

सोनिया गांधी वर्ष 2008 में यहां आईं थी लेकिन कांग्रेस मध्य प्रदेश में जीत का परचम नहीं फहरा सकी। हालांकि, एक साल बाद ही उन्होंने केंद्र में दोबारा सरकार बना ली।

महाकालेश्वर मंदिर में पूजन के लिए आता रहा है गांधी परिवार

पीढ़ी दर पीढ़ी परिवार के लोग महाकालेश्वर मंदिर में पूजन के लिए आते रहे हैं। देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू भी 11 नवंबर 1959 को शहर आए थे। हालांकि किन्हीं कारणों से वे महाकाल मंदिर नहीं जा पाए थे। पंडित नेहरू ने तब विक्रम विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में भाग लिया था।

10 साल बाद राजीव गांधी पहुंचे ज्योतिर्लिंग

वर्ष 1989 में राजीव गांधी भी महाकाल मंदिर आए थे। शहर में सभा लेने के बाद उन्होंने भगवान महाकालेश्वर का पूजन किया था। करीब 30 मिनट तक वे मंदिर परिसर में रहे थे।

महाकालेश्वर मंदिर में- इंदिरा जी, सोनिया जी और अब राहुल गांधी जी...

कांग्रेस ने अपने ट्विटर अकाउंट के माध्यम से जानकारी देते हुए कहा कि ‘उज्जैन के बाबा महाकालेश्वर मंदिर में इंदिरा गांधी जी, सोनिया गांधी जी और अब राहुल गांधी जी... बाबा महाकाल का आशीर्वाद हमेशा कांग्रेस के साथ था, है और रहेगा।’

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Before Rahul Gandhi, Indira, Sonia Gandhi, have also visit, Mahakaleshwar temple, Madhya Pradesh
OUTLOOK 29 October, 2018
Advertisement