Advertisement
31 July 2021

नेहरू के 15 अगस्त 1947 के भाषण के चलते बढ़ी है महंगाई! भाजपा के मंत्री का विवादित बयान

FILE PHOTO

बीजेपी के दिग्गज नेता और मध्य प्रदेश सरकार में चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने शनिवार को एक विवादित बयान दे दिया। देश में बढ़ती महंगाई के लिए उन्होंने देश के पहले प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू को जिम्मेदार बता दिया।

पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि आजादी के बाद इस देश की अर्थव्यवस्था को कुठाराघात करके महंगाई बढ़ाने का काम किसी ने किया है तो इसका सारा क्रेडिट नेहरू परिवार को जाता है। महंगाई के लिए देश के पहले पीएम पंडित जवाहर लाल नेहरू का वो भाषण जिम्मेदार है जो 15 अगस्त 1947 को लाल किले से दिया था। महंगाई एक-दो दिन में नहीं बढ़ती, अर्थव्यवस्था की नींव एक-दो दिन में नहीं रखी जाती। उनका कहना है कि देश में महंगाई की देन नेहरू परिवार है, पीएम नरेंद्र मोदी ने तो देश को पिछले पांच से 6 साल में महंगाई के जाल से सबको आजाद करने का काम किया है।

इससे पहले भी नेहरू को लेकर विश्वास सारंग ने विवादित बयान दिए हैं। उन्होंने कई मौकों पर जवाहर लाल नेहरू का जिक्र भी किया है और कई विफलताओं के लिए उन पर ठीकरा फोड़ा है लेकिन इस बार जब महंगाई पर उन्होंने ये बयान दिया है तो सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल किया जा रहा है।

Advertisement

आम आदमी पार्टी के विधायक. नरेश बालियान ने कहा है कि आप लोग जैसे मंदबुद्धि को धरती पे लाने की गलती भी नेहरू जी ने ही की थी।! कैसे कैसे मंदबुद्धि वाले नेता राज कर रहे है हमारे देश की जनता पर?

मध्य प्रदेश कांग्रेस ने इस वीडियो को शेयर किया है और मंत्री के बयान पर चुटकी ली है। सीएम शिवराज सिंह चौहान के चयन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने ट्वीट कर लिखा है कि  देश में बढ़ती महंगाई व अर्थव्यवस्था के लिये नेहरू जी का 15 अगस्त 1947 का लाल क़िले. पर दिया भाषण ज़िम्मेदार…? कैसों- कैसों को दिया है, ऐसे वैसों को मिला है…? शिवराज जी के मंत्रिमंडल के एक और होनहार मंत्री…?

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Inflation, Nehru, BJP, minister, Vishwas Narang, Madhya Pradesh
OUTLOOK 31 July, 2021
Advertisement