Advertisement
27 February 2017

जयाप्रदा ने नोटबंदी की तारीफ की

गूगल

शिरडी में साईबाबा के दर्शन के बाद इस अभिनेत्री ने कहा, समाजवादी पार्टी को छोडकर अन्य किसी भी पार्टी से यदि सम्मान से आमंत्रित किया जाता है तो मैं उसमें शामिल हो जाउंगी। सपा पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की पार्टी में महिलाओं को कोई मान-सम्मान नहीं मिलता। मैं सपा में कभी नहीं जाउंगी, जो आजम खान जैसे नेताओं की पार्टी बन गई है।  उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा चुनावी रैली में मोदी पर ली गई गधा वाली चुटकी को असभ्य बताया। उन्होंने कहा, अखिलेश यादव की गधा वाली टिप्पणी गलत है। मोदी का नोटबंदी का फैसला सही था, हालांकि शुरुआत में लोगों को दिक्कत हुई है। इसके लिए मैं मोदी की आभारी हूं।

पूर्व सांसद ने कहा कि सपा के शासनकाल में उत्तर प्रदेश गुंडाराज बन गया है। उन्होंने आरोप लगाया, महिलाएं और लड़कियां उत्तर प्रदेश में सुरक्षित नहीं हैं। बलात्कार की घटनाएं बढ़ रही हैं, जबकि राज्य सरकार कानून-व्यवस्था ठीक नहीं कर पा रही है। एक सवाल के जवाब में जयाप्रदा ने कहा कि वह मुलायम सिंह यादव के साथ खड़ी जरूर हुई थीं, लेकिन वह अखिलेश के खिलाफ नहीं हैं। उन्होंने कहा, अखिलेश मेरे भाई की तरह है, जबकि मुलायम जी मेरे पिता समान हैं।

TAGS: जयाप्रदा, नोटबंदी, तारीफ, समाजवादी पार्टी, मुलायम, अखिलेश, नरेंद्र मोदी
OUTLOOK 27 February, 2017
Advertisement