Advertisement
24 March 2019

बिहार: सीपीआई के टिकट से चुनाव लड़ेंगे कन्हैया कुमार, भाजपा के गिरिराज सिंह होंगे सामने

File Photo

इस बार लोकसभा चुनाव में बिहार की बेगूसराय सीट पर रोचक मुकाबला होने वाला है। यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता गिरिराज सिंह के मुकाबले जेएनयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार मैदान में होंगे। युवा नेता कन्हैया कुमार सीपीआई (माले) के टिकट से बेगूसराय सीट से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। इसकी घोषणा खुद सीपीआई नेता सुरवरम सुधाकर रेड्डी ने की है। 

बिहार की इस सीट पर भाजपा के सामने कड़ी चुनौती होगी क्योंकि यह सीट सीपीआई का मजबूत गढ़ मानी जाती है। इसे मॉस्को ऑफ बिहार भी कहा जाता है। दूसरी ओर गिरिराज सिंह अपनी पुरानी सीट नवादा से ही लड़ने के लिए इच्छुक बताए जा रहे थे। लेकिन पार्टी ने बेगूसराय में सिंह की छवि और जातीय समीकरण को ध्यान में रखते हुए उन पर दांव चला है। ऐसा इसलिए कि कन्हैया और गिरिराज सिंह दोनों ही एक ही जाति (भूमिहार) से आते हैं। 

सीट बदलने से नाराज हैं गिरिराज

Advertisement

उधर, गिरिराज सिंह भी उनकी नवादा सीट छिनने से काफी नाराज हैं। अभी भी अपना चुनाव क्षेत्र बदलने के लिए पार्टी अध्यक्ष अमित शाह के दरबार में दस्तक दे रहे हैं। नवादा सीट से एलजेपी के चंदन कुमार को उम्मीदवार बनाया गया है। लिस्ट आते ही गिरिराज ने बयान दिया कि वह निराश हैं। सूत्रों के मुताबिक, उन्होंने इस मसले पर बात करने के लिए अमित शाह से वक्त मांगा है, लेकिन फिलहाल उनकी मुलाकात नहीं हो पाई है। गिरिराज सिंह ने कहा, 'मैंने अपने संसदीय क्षेत्र के लिए इतना काम किया लेकिन फिर भी मुझे टिकट नहीं दिया गया।'

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: JNUSU, former president kanhaiya kumar, begusarai, bihar, cpi, bjp's giriraj singh
OUTLOOK 24 March, 2019
Advertisement