Advertisement
15 February 2020

जेपी नड्डा ने गिरिराज सिंह को किया तलब, देवबंद ‘आतंकवाद की गंगोत्री’ वाला दिया था बयान

file photo

हमेशा अपने बयान को लेकर विवादों में रहने वाले केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शनिवार को समन जारी करते हुए तलब किया है। दरअसल, पिछले दिनों उन्होंने कहा था कि सहारनपुर में इस्लामिक मदरसा देवबंद आतंकवादियों को पैदा करने का कारखाना है। गिरिराज सिंह ने इस मदरसा को ‘आतंकवाद की गंगोत्री’ कहा था। इसी बाबत उन्हें समन जारी किया गया है।

बता दें, मंगलवार को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में उन्होंने कहा था, “देवबंद हाफिज सईद जैसे आतंकवादी को पैदा करता है। यह आतंकवादियों की गंगोत्री है। दुनिया के सभी मोस्ट वांटेड आतंकवादी देवबंद से आए थे, जिनमें हाफिज सईद के अलावा अन्य भी शामिल हैं।"

‘मेरा कथन सही है’

Advertisement

तलब किए जाने के बाद अपने बयान पर कायम गिरिराज सिंह ने कहा कि मेरा कथन सही है, अगर किसी को कोई समस्या या संदेह है तो उत्तर प्रदेश पुलिस से सूची मांगे कि कितने लोग आतंकवादी गतिविधियों में शामिल हैं।

पहले भी दिए थे विवादित बयान

इससे पहले एक वीडियो का जिक्र करते हुए केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा था कि दिल्ली के शाहीन बाग में 'आत्मघाती हमलावर' खड़े किए जा रहे हैं। वीडियो में कुछ बच्चे और बुर्का पहनी महिलाएं कथित तौर पर सीएए और भाजपा विरोधी भाषण दे रही थीं। उन्होंने कहा था कि बच्चों के दिमाग में जहर घोला जा रहा है। उन्होंने कहा था, "यह शाहीन बाग विरोध अब एक आंदोलन नहीं है। यह आत्मघाती हमलावरों को पैदा करने की जगह बन गया है। वहां देश के खिलाफ साजिश रची जा रही है।"

‘सीएए-विरोधी प्रदर्शन देश के खिलाफ’

देवबंद में चल रहे सिटीजनशिप अमेंडमेंट एक्ट (सीएए) के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन पर निशाना साधते हुए उन्होंने सहारनपुर दौरे के दौरान कहा था, "ये लोग सीएए के खिलाफ नहीं हैं। ये भारत के खिलाफ हैं। यह एक तरह का खिलाफत आंदोलन है।" बता दें कि देवबंद में पिछले काफी दिनों से मुस्लिम महिलाएं सीएए के विरोध में प्रदर्शन कर रही हैं।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: JP Nadda, summons Giriraj Singh, Deoband, Atankvad Ki Gangotri
OUTLOOK 15 February, 2020
Advertisement