Advertisement
20 May 2018

प्रकाश राज का पीएम पर कटाक्ष, ‘56 इंच भूल जाइए, 55 घंटे नहीं संभल सका कर्नाटक’

FILE PHOTO

कर्नाटक के ढाई दिनों के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने शनिवार को फ्लोर टेस्ट से पहले ही इस्तीफा दे दिया। विश्वासमत जुटाने की लड़ाई में भाजपा ढेर हो गई। येदियुरप्पा ने भावुक अंदाज में विधानसभा के अंदर भाषण देने के साथ ही अपने इस्तीफे का ऐलान कर दिया।

इस पूरे घटनाक्रम को कांग्रेस-जेडीएस की जीत और भाजपा की हार के तौर पर देखा जा रहा है। इसे लेकर कांग्रेस और दूसरे विपक्षी दलों ने अपने अपने अंदाज में प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह और आरएसएस पर निशाना साधा। इस बीच फिल्म जगत के जाने माने चेहरे प्रकाश राज ने भी हमला बोला। प्रकाश राज ने कहा कि अब ये साफ है कि कर्नाटक का रंग भगवा नहीं होने जा रहा है। कर्नाटक पहले की तरह रंगीन होगा। ये एक ऐसा मैच था जो शुरू होने के पहले ही समाप्त हो गया।

उन्होंने ट्वीट कर कहा कि 56 इंच के सीने को भूल जाइए, कर्नाटक को 55 घंटे तक सही तरीके से पकड़ कर नहीं रख सके। प्रकाश राज ने कहा कि प्यारे नागरिकों अब और कीचड़युक्त राजनीति का सामना करने के लिए तैयार हो जाइए। हम पहले की तरह लोगों की आवाज के लिए खड़े होते रहे हैं और आगे भी आम लोगों की लड़ाई को आगे बढ़ाते रहेंगे।

Advertisement

बता दें कि कर्नाटक की सियासत में इस बार किसी भी पार्टी को जनादेश नहीं मिला। 104 सीट पाने वाली भाजपा बहुमत से सिर्फ आठ कदम दूर रही। राज्यपाल ने भाजपा नेता बीएस येदियुरप्पा को सरकार बनाने का न्योता भी दे दिया था। लोग मानकर चल रहे थे कि भाजपा जोड़तोड़ कर सरकार बनाने में कामयाब हो जाएगी। लेकिन कांग्रेस-जेडीएस ने बाजी पलट दी। लिहाजा ढाई दिन के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा को फ्लोर टेस्ट से पहले ही इस्तीफा देना पड़ा।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: KARNATAKA, SAFFRON, forget 56, 55 hours, Prakash Raj
OUTLOOK 20 May, 2018
Advertisement