Advertisement
16 June 2019

फडणवीस सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार, कांग्रेस छोड़ने वाले विखे पाटिल मंत्री बने

File Photo

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को मंत्रिमंडल का दूसरा विस्तार किया। 13 नए मंत्री बनाए गए हैं, इनमें से 8 ने कैबिनेट और 5 ने राज्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। कांग्रेस छोड़ने वाले शिरडी के विधायक राधाकृष्ण विखे पाटिल और राकांपा से शिवसेना में आए जयदत्त क्षीरसागर को कैबिनेट मंत्री बनाया गया।

शिवसेना के कोटे से 2 मंत्री

भाजपा के 6 नेताओं को कैबिनेट और 4 को राज्यमंत्री बनाया गया है। वहीं, शिवसेना के कोटे से 2 को कैबिनेट में जगह दी गई। आरपीआई के कोटे से एक राज्यमंत्री मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। भाजपा ने इस विस्तार में करीब 4 महीने बाद (अक्टूबर-नवंबर) होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सहयोगी दलों को साधने की कोशिश की।

Advertisement

इस बीच, रविवार को फडणवीस सरकार से 6 मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया। इसमें सामाजिक न्याय मंत्री राजकुमार बडोले, आवास मंत्री प्रकाश मेहता, आदिवासी विकास मंत्री विष्णु सावरा, न्याय राज्यमंत्री प्रवीण पोटे, सामाजिक न्याय राज्यमंत्री दिलीप कांबले और जनजातीय विकास राज्य मंत्री अंबरीश अत्रम शामिल हैं। यह सभी भाजपा कोटे से मंत्री थे।

नए कैबिनेट मंत्री

1. राधाकृष्ण विखे पाटिल- पिछले दिनों कांग्रेस छोड़ी, पहले विपक्ष के नेता थे

2. जयदत्त क्षीरसागर- राकांपा छोड़कर शिवसेना में शामिल हुए थे

3. आशीष शेलर- बांद्रा पश्चिम से भाजपा विधायक

4. संजय श्रीराम कुटे- जलगांव (जमोड) से भाजपा विधायक

5. सुरेश खाडे- मिराज से भाजपा विधायक

6. अनिल बोंडे- मोर्शी से भाजपा विधायक

7. अशोक रामजी उइके- रालेगांव से भाजपा विधायक

8. तानाजी सावंत- राकांपा छोड़कर शिवसेना में आए

राज्यमंत्री

9. योगेश सागर- चरकोप से भाजपा विधायक 

10. अविनाश महातेकर- रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आरपीआई) के नेता

11. बाला भागड़े- पुणे भाजपा के अध्यक्ष और विधायक

12. डॉ. परिणय रमेश फुके- भंडारा-गोंदिया से विधान परिषद के सदस्य और भाजपा नेता

13. अतुल मोरेश्वर सवाई- औरंगाबाद पूर्व से भाजपा विधायक

महाराष्ट्र में अब तक 38 मंत्री थे

फडणवीस सरकार में पहला मंत्रिमंडल विस्तार जून 2016 में हुआ था। दूसरे विस्तार पर चर्चा के लिए फडणवीस ने शुक्रवार देर रात शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे से मुलाकात की। दूसरे कैबिनेट विस्तार से पहले महाराष्ट्र सरकार में 38 मंत्री थे। कैबिनेट का विस्तार लंबे समय से अटका हुआ था। प्रदेश की 288 विधानसभा सीटों में भाजपा के पास सबसे ज्यादा 122, शिवसेना के पास 63, कांग्रेस के पास 42 और राकांपा के पास 41 सीटें हैं।

TAGS: Maharashtra CM, Devendra Fadnavis, ex-Cong leader, Vikhe Patil
OUTLOOK 16 June, 2019
Advertisement