Advertisement
27 July 2017

एनडीए-जदयू के गठबंधन पर बोली मायावती- ‘मोदी सरकार में लोकतंत्र का भविष्य खतरे में’

एएनआई के मुताबिक, मायावती ने कहा कि बिहार और उससे पहले प्रदेश के अन्य राज्यों में जो कुछ भी राजनैतिक घटनाक्रम आए दिन हो रहे हैं, यह सब देश के लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत नहीं है।


भाजपा पर हमला करते हुए मायावती ने पार्टी के शीर्ष नेताओं पर सत्ता के लिए सरकारी मशीनरी के दुरूपयोग का भी आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मणिपुर और गोवा के बाद बुधवार को बिहार में जो कुछ भी हुआ वह इस बात का प्रमाण है कि मोदी सरकार में लोकतंत्र का भविष्य खतरे में है।

Advertisement

बसपा सुप्रीमो ने बयान जारी करते हुए कहा कि इस तरह के राजनैतिक घटनाक्रम से देश का लोकतंत्र मजबूत होने की बजाय कमजोर होगा। उन्होंने कहा कि अब देश की जनता को ही आगे आकर इसे कमजोर होने से बचाना होगा। अगर जनता ऐसा नहीं करती है तो इसका सबसे ज्यादा नुकसान जनता को ही होगा न कि राजनैतिक पार्टियों और उनके नेताओं को।

वहीं, मायावती ने कहा कि नीतीश कुमार ने महागठबंधन से नाता तोड़कर भाजपा से मिलकर सरकार बनाकर सही नहीं किया। बिहार की जनता ने भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लहर को नकारते हुए धर्मनिरपेक्ष ताकतों को प्रचंड बहुमत दिया था और इस बहुमत का पांच साल तक सम्मान होना चाहिए था।

गौरतलब है कि गौरतलब है कि नीतीश कुमार की जनता दल (यूनाइटेड), लालू यादव की राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) और सोनिया गांधी की कांग्रेस से मिलकर बना बिहार महागठबंधन बुधवार को उस समय बिखर गया, जब शाम को नीतीश ने सार्वजनिक तौर पर पद से इस्तीफा दे दिया।

इस दौरान नीतीश ने तेजस्वी पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें सार्वजिनक तौर पर अपने ऊपर लगे आरोपों की सफाई देनी चाहिए थी, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। इसलिए मजबूरी में इस्तीफा देना पड़ रहा है। राज्यपाल को इस्तीफा सौंपने के कुछ ही घंटे बाद नीतीश को भाजपा का समर्थन मिला और गुरुवार को नीतीश ने छठी बार बिहार के सीएम के रुप में शपथ ग्रहण की।  

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: mayawati said, the future of democracy, Modi govt, in danger
OUTLOOK 27 July, 2017
Advertisement