Advertisement
06 July 2019

बेटे आकाश को भाजपा का नोटिस? कैलाश विजयवर्गीय बोले- मुझे जानकारी नहीं

File Photo

मध्य प्रदेश के इंदौर में भाजपा विधायक और कैलाश विजयवर्गीय के बेटे आकाश विजयवर्गीय द्वारा नगर निगम अधिकारी को पीटने के मामले में कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है कि भाजपा ने आकाश को कारण बताओ नोटिस जारी किया है या नहीं क्योंकि वह अभी तक दिल्ली में थे। इस दौरान ना तो उन्होंने न्यूज पेपर पढ़ा और ना ही न्यूज चैनल्स पर नजर डाल पाए। जिसके चलते उन्हें अभी तक इस बारे में कोई जानकारी नहीं है।

हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि आकाश विजयवर्गीय को भाजपा की तरफ से नोटिस मिला है या नहीं क्योंकि इसे लेकर भाजपा नेताओं के अलग-अलग बयान आ रहे हैं। 

पीएम मोदी ने जताई थी नाराजगी

Advertisement

कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, 'पिता की हैसियत से जिस तरह मुझे आकाश को समझाना था मैं समझा चुका हूं। मैं सार्वजनिक रूप से इस बारे में कुछ नहीं कहना चाहता।' बता दें आकाश विजयवर्गीय के नगर निगम अधिकारी को बल्ले से पीटने के मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नाराजगी जाहिर की थी और कहा था, ‘बेटा किसी का भी हो, ऐसे लोगों को पार्टी से निकाल देना चाहिए।‘ मोदी ने यह टिप्पणी संसद में भाजपा संसदीय दल की बैठक के दौरान की। मोदी ने कहा, "हम ऐसा कोई नेता नहीं चाहते जो पार्टी की छवि को खराब करे। बेटा किसी का भी हो, ऐसे नेताओं को पार्टी से निकाल देना चाहिए।"

कारण बताओ नोटिस पर संशय

आकाश विजयवर्गीय को भाजपा की तरफ से नोटिस मिलने के सवाल पर मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा था, ‘मामले पर कोई फैसला नहीं लिया गया है। एक वरिष्ठ नेता ने कहा था कि नोटिस दिया गया है।‘

वहीं, भाजपा प्रदेश महासचिव सत्येंद्र भूषण सिंह का भी कहना है कि जहां तक मुझे जानकारी है, ऐसा कुछ नहीं हुआ है। साथ ही कई भाजपा नेताओं ने आकाश को नोटिस मिलने की बात से अनभिज्ञता जाहिर की।

 

(एजेंसी इनपुट्स के साथ)

TAGS: Akash, Kailash Vijayvargiya, BJP, Show cause notice
OUTLOOK 06 July, 2019
Advertisement