मंत्रिमंडल विस्तार ही नहीं, विभाग बंटवारे में भी हावी रहा संघ
इसका सबसे बड़ा उदाहरण मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी हैं जिनसे पिछले कुछ समय से संघ नाराज चल रहा था क्योंकि शिक्षा और अकादमिक जगत में संघ जिस तेजी से बदलाव चाहता था वैसा परिणाम स्मृति ईरानी नहीं दे पा रही थीं। इसलिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की करीबी होने के बावजूद उनका मंत्रालय बदल दिया गया और उन्हें कम महत्वपूर्ण कपड़ा मंत्रालय दे दिया गया। मानव संसाधन विकास मंत्रालय संघ के पसंदीदा प्रकाश जावड़ेकर को दिया गया है जो अब तक राज्य मंत्री थे और आज ही उन्हें पदोन्नत किया गया और आज ही मानव संसाधन विकास जैसा अति महत्वपूर्ण मंत्रालय भी सौंप दिया गया।
इसी तरह देश में सबसे अधिक बजट वाले मंत्रालयों में से एक ग्रामीण विकास मंत्रालय से पूर्व कांग्रेसी नेता और लोकसभा चुनाव से ठीक पहले भाजपा में शामिल हुए चौधरी वीरेंद्र सिंह की छुट्टी हो गई है। यह मंत्रालय भी संघ के करीबी माने जाने वाले नरेंद्र सिंह तोमर को दे दिया गया है। चौधरी वीरेंद्र सिंह को अपेक्षाकृत कम महत्व वाला इस्पात मंत्रालय दिया गया है। विभागों के फेरबदल में तीसरा बड़ा बदलाव केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्रालय का है जो कि वेंकैया नायडु से लेकर संघ की पसंद वाले अनंत कुमार को दे दिया गया है। बताया जा रहा है कि अब तक संसदीय कार्य मंत्री के रूप में वेंकैया के प्रदर्शन से खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी बहुत खुश नहीं थे इसलिए उन्हें हटा दिया गया। वेंकैया को सूचना प्रसारण मंत्रालय दिया गया है जो कि अपेक्षाकृत कम महत्वपूर्ण मंत्रालय माना जाता है। अरुण जेटली को उसका कार्यभार दिए जाने से पहले तक आम तौर पर कोई राज्यमंत्री स्तर का व्यक्ति ही यह मंत्रालय संभालता था। ऐसे में देखा जाए तो वेंकैया के लिए यह पदावनति से कम नहीं है।
मंत्रिमंडल में अन्य बदलाव भी महत्वपूर्ण हैं। जयंत सिन्हा को वित्त राज्यमंत्री के पद से हटाकर नागरिक उड्डयन राज्यमंत्री बनाया गया है। सिन्हा को उम्मीद थी कि उन्हें तरक्की मिलेगी और कम से कम स्वतंत्र प्रभार वाला राज्य मंत्री बनाया जाएगा मगर ऐसा नहीं हुआ है। उनकी जगह अर्जुन मेघवाल को वित्त राज्यमंत्री पद दिया गया है। मोदी कैबिनेट में आज ही शामिल हुए पूर्व कांग्रेसी एम.जे. अकबर को विदेश राज्य मंत्री बनाया गया है। दरअसल मुस्लिम बहुल देशों के साथ संबंधों को बेहतर करने के लिए प्रधानमंत्री ने अकबर पर दांव लगाया है।
नरेंद्र मोदी मंत्रिमंडल में विभागों का बंटवारा
नरेंद्र मोदी: प्रधानमंत्री, कार्मिक, लोक शिकायत, पेंशन, परमाणु ऊर्जा, अंतरिक्ष
1. राजनाथ सिंहः गृह
2. सुषमा स्वराजः विदेश मंत्रालय
3. अरुण जेटलीः वित्त, कारपोरेट मामले
4. एम. वैंकैया नायडूः शहरी विकास, आवास एवं शहरी गरीबी उन्मूलन, सूचना और प्रसारण
5. नितिन जयराम गडकरीः सड़क परिवहन एवं राजमार्ग, जहाजरानी
6. मनोहर पर्रिकरः रक्षा
7. सुरेश प्रभु : रेल
8. डी.वी. सदानंद गौड़ाः सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन
9. उमा भारतीः जल संसाधन, नदी विकास तथा गंगा संरक्षण
10. डॉ. नजमा ए. हेपतुल्लाः अल्पसंख्यक मामले
11. राम विलास पासवानः उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण
12. कलराज मिश्रः सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम
13. मेनका संजय गांधीः महिला एवं बाल विकास
14. अनंत कुमारः रसायन एवं उर्वरक, संसदीय कार्य
15. रविशंकर प्रसादः संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी, विधि एवं न्याय
16. जगत प्रकाश नड्डाः स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण
17. अशोक गजपति राजूः नागरिक उड्डयन
18. अनंत गीतेः भारी उद्योग एवं लोक उद्यम
19. हरसिमरत कौर बादलः खाद्य प्रसंस्करण उद्योग
20. नरेन्द्र सिंह तोमरः ग्रामीण विकास, पंचायती राज, स्वच्छता एवं पेयजल
21. चौधरी वीरेंद्र सिंहः इस्पात
22. जुएल उरांवः जनजातीय मामले
23. राधा मोहन सिंहः कृषि
24. थावरचन्द गेहलोतः सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता
25. स्मृति जुबिन ईरानीः कपड़ा
26. डॉ. हर्ष वर्धनः विज्ञान और प्रौद्योगिकी, पृथ्वी विज्ञान
27. प्रकाश जावडेकरः मानव संसाधन विकास
राज्य मंत्री
1. राव इन्द्रजीत सिंहः योजना (स्वतंत्र प्रभार), शहरी विकास, गरीबी उन्मूलन
2. बंडारू दत्तात्रोयः श्रम और रोजगार (स्वतंत्र प्रभार)
3. राजीव प्रताप रूडीः कौशल विकास और उद्यमिता (स्वतंत्र प्रभार)
4. विजय गोयलः युवा एवं खेल (स्वतंत्र प्रभार)
5. श्रीपद यसो नायकः आयुष (स्वतंत्र प्रभार)
6. धर्मेन्द्र प्रधानः पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस (स्वतंत्र प्रभार)
7. पीयूष गोयलः विद्युत (स्वतंत्र प्रभार), कोयला (स्वतंत्र प्रभार), नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा (स्वतंत्र प्रभार)
8. डॉ. जितेन्द्र सिंहः पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास (स्वतंत्र प्रभार), प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री, कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन राज्य मंत्री, परमाणु ऊर्जा विभाग, अंतरिक्ष विभाग में राज्य मंत्री
9. निर्मला सीतारमणः वाणिज्य एवं उद्योग (स्वतंत्र प्रभार)
10. डॉ. महेश शर्माः संस्कृति (स्वतंत्र प्रभार), पर्यटन (स्वतंत्र प्रभार)
11. मनोज सिन्हाः संचार (स्वतंत्र प्रभार), रेल राज्य मंत्री
12. अनिल माधव दवेः पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन (स्वतंत्र प्रभार)
13. वी के सिंहः विदेश राज्य मंत्री
14. संतोष कुमार गंगवारः वित्त
15. फग्गन सिंह कुलस्तेः स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण
16. मुख्तार अब्बास नकवीः अल्पसंख्यक मामले, संसदीय कार्य
17. एसएस अहलूवालियाः कृषि एवं किसान कल्याण, संसदीय कार्य
18. रामदास अठवलेः सामाजिक न्याय एवं सशक्तिकरण
19. राम कृपाल यादवः ग्रामीण विकास
20. हरिभाई पर्थिभाई चौधरीः सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम
21. गिरिराज सिंहः सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम
22. हंसराज गंगाराम अहीरः गृह
23. जीएम सिद्धेश्वरः भारी उद्योग एवं सार्वजनिक उपक्रम
24. रमेश चंदप्पा जिगाजीनगीः पेयजल एवं स्वच्छता
25. राजन गोहेनः रेल
26. पुरूषोत्तम रूपालाः कृषि एवं किसान कल्याण, पंचायती राज
27. एमजे अकबरः विदेश
28. उपेंद्र कुशवाहाः मानव संसाधन विकास
29. राधाकृष्णन पीः सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग, पोत
30. किरेन रिजिजूः गृह
31. कृष्णपालः सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता
32. जसवंत सिंह सुमनभाई भाभोरः आदिवासी मामले
33. डाक्टर संजीव कुमार बाल्यानः जल संसाधन, नदी विकास एवं गंगा सफाई
34. विष्णु देव साईः इस्पात
35. सुदर्शन भगतः कृषि एवं किसान कल्याण
36. वाईएस चौधरीः विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी
37. जयंत सिन्हाः नागरिक उड्डयन
38. राज्यवर्धन सिंह राठौड़ः सूचना एवं प्रसारण
39. बाबुल सुप्रियोः शहरी विकास, आवासीय एवं शहरी गरीबी उन्मूलन
40. साध्वी निरंजन ज्योतिः खाद्य प्रसंस्करण उद्योग
41. विजय सापलाः सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता
42. अर्जुन राम मेघवालः वित्त, कारपोरेट मामले
43. डाक्टर महेंद्र नाथ पाण्डेयः मानव संसाधन विकास
44. अजय टमटाः कपड़ा
45. कृष्णा राजः महिला एवं बाल विकास
46. मनसुख एल मानडावियाः सड़क परिवहन, राजमार्ग, पोत, रसायन एवं उर्वरक
47. अनुप्रिया पटेलः स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण
48. सीआर चौधरीः उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं जन वितरण
49. पीपी चौधरीः विधि एवं न्याय, इलेक्टानिक एवं सूचना प्रौद्योगिकी
50. डाक्टर सुभाष रामराव भामरेः रक्षा