ओडिशा: मोहन चरण माझी पहली भाजपा सरकार के होंगे मुख्यमंत्री, 12 जून को लेंगे शपथ; दो डिप्टी सीएम का भी किया एलान
केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को भाजपा विधायक मोहन चरण माझी को ओडिशा का नया मुख्यमंत्री घोषित किया। बीजद सुप्रीमो नवीन पटनायक के 24 साल के कार्यकाल के बाद माझी ओडिशा के पहले भाजपा सीएम होंगे। यह पहली बार है जब भाजपा ओडिशा में अपने दम पर सरकार बनाएगी। इसके साथ ही कनक वर्धन सिंह देव और प्रवती परिदा को राज्य का उपमुख्यमंत्री बनाया गया है।
भाजपा विधायक दल की बैठक में ये निर्णय लिए गए, जिसमें सिंह और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव पर्यवेक्षक के रूप में शामिल हुए। राजनाथ सिंह ने संवाददाताओं से कहा, "मोहन माझी को विधायक दल ने सर्वसम्मति से चुना है।" 52 वर्षीय मोहन चरण माझी ने क्योंझर विधानसभा क्षेत्र से बीजद की मीना माझी को 11,577 मतों से हराया। पिछली विधानसभा में भाजपा के मुख्य सचेतक रहे माझी चौथी बार विधानसभा के लिए चुने गए।
हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनावों में भारी हार के बाद पटनायक का शासन समाप्त हो गया। इससे पहले, भाजपा 2000 और 2004 में बीजद के गठबंधन सहयोगी के रूप में राज्य में सत्ता में थी।
ओडिशा में पहली भाजपा सरकार के लिए शपथ ग्रहण समारोह 12 जून को निर्धारित किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनता मैदान में शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। भाजपा ने शपथ ग्रहण समारोह के लिए बीजद अध्यक्ष और निवर्तमान मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को भी आमंत्रित किया है।
ओडिशा सरकार ने घोषणा की है कि नए मुख्यमंत्री और उनके मंत्रिपरिषद के शपथ ग्रहण समारोह के कारण राज्य के सभी सरकारी कार्यालय और अदालतें उस दिन दोपहर 1 बजे के बाद बंद रहेंगी।