Advertisement
09 March 2023

सतीश कौशिक के निधन पर राजनीतिक गलियारों में भी शोक की लहर, पीएम मोदी से लेकर गृह मंत्री तक इन नेताओं ने जताया दुख

पीटीआई

बॉलीवुड के मशहूर एक्टर और डायरेक्टर सतीश कौशिक का आज हार्ट अटैक के चलते निधन हो गया है। 66 साल की उम्र में वो दुनिया को अलविदा कह गए। होली पर वो दिल्ली आए हुए थे, लेकिन होली के दिन ही उनकी दुखद निधन की खबर सामने आई। फिल्म अभिनेता अनुपम खेर ने ट्वीट कर निधन की जानकारी दी।

जानकारी के मुताबिक, देर रात सतीश कौशिक को गुरुग्राम के फोर्टिस हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सतीश कौशिक की मौत से ना सिर्फ फिल्म जगत बल्कि राजनीतिक गलियारों में भी शोक की लहर दोड़ गई। उनके निधन पर पीएम नरेंद्र मोदी, देश के गृह मंत्री अमित शाह से लेकर सीएम योगी हर किसी ने शोक व्यक्त किया है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को दिग्गज अभिनेता सतीश कौशिक के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि वह एक रचनात्मक प्रतिभा थे, जिन्होंने अपने अद्भुत अभिनय और निर्देशन की बदौलत सभी का दिल जीता।

Advertisement

सतीश कौशिक के निधन पर गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर लिखा कि सतीश कौशिक का निधन फिल्म जगत के लिए बड़ी क्षति है। भारतीय सिनेमा में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। अमित शाह ने लिखा, "अभिनेता, निर्देशक और लेखक सतीश कौशिक जी के आकस्मिक निधन से गहरा दुख हुआ। भारतीय सिनेमा, कलात्मक कृतियों और प्रदर्शनों में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। उनके शोक संतप्त परिवार और चाहने वालों के प्रति मेरी गहरी संवेदना। ऊं शांति।"

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सतीश कौशिक के निधन पर ट्वीट कर लिखा, "प्रख्यात अभिनेता एवं फिल्म निर्देशक श्री सतीश कौशिक जी का निधन अत्यंत दुःखद तथा फिल्म जगत की अपूरणीय क्षति है। प्रभु श्री राम दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों व उनके प्रशंसकों को यह असीम दुःख सहने की शक्ति दें। ॐ शांति!"

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी सतीश कौशिक के देहांत पर लिखा, "अभिनेता-निर्देशक सतीश कौशिक जी के निधन के बारे में सुनकर गहरा दुख हुआ। वह भारतीय सिनेमा के एक सच्चे प्रतीक थे और उन्हें उनकी असाधारण प्रतिभा और उद्योग में योगदान के लिए याद किया जाएगा। उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं हैं। ऊं शांति।"

केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने भी ट्वीट करके सतीश कौशिक को श्रद्धांजलि अर्पित की। सोनोवाल ने लिखा, "अनुभवी अभिनेता और निर्देशक सतीश कौशिक जी के निधन के बारे में जानकर दुख हुआ। एक बेहतरीन एंटरटेनर, उनकी प्रतिष्ठित भूमिकाएं और फिल्में सभी को पसंद आती हैं। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।"

केंद्रीय खेल और सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी सतीश कौशिक के लिए लिखा, "श्री सतीश कौशिक एक प्रशंसित अभिनेता और निर्देशक थे जिन्होंने हमारे समय के कुछ सबसे यादगार सिनेमाई कार्यों को लिखा था। उन्होंने हास्य के साथ प्रशंसकों को गुदगुदाया और उनकी कला उनकी फिल्मोग्राफी के माध्यम से जीवित रहेगी। उनके निधन पर मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और शुभचिंतकों के साथ हैं।"

कांग्रेस नेता और अभिनेता राज बब्बर ने भी सतीश कौशिक के लिए लिखा, सतीश कौशिक के लिए एक शोक संदेश लिखने के बारे में कभी सोचा भी नहीं था। खुशमिजाज और तेज, NSD दोस्त और मेरे परिवार के बहुत करीबी। गुणी और प्रतिभाशाली, उनकी बुद्धि और हास्य जो थिएटर के लिए उनके प्यार से निकलकर आया था। तुम्हारी बहुत याद आएगी।"

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: death of Satish Kaushik, Political Reactions, PM Narendra Modi, Home Minister Amit Shah, leaders expressed grief
OUTLOOK 09 March, 2023
Advertisement