Advertisement
05 January 2020

सीएए पर समर्थन के टोल फ्री नंबर पर भी विवाद, भाजपा ने विपक्षी दलों को दोषी ठहराया

नागरिकता संशोधन विधेयक (सीएए) पर विपक्ष के कड़े विरोध और आलोचनाओं के बीच भाजपा ने सीएए के समर्थन में जन जागरण अभियान शुरू किया है। आम लोगों का इस मुद्दे पर समर्थन जुटाने के लिए अभियान चलाने के साथ भाजपा द्वारा जारी किया गया टोल फ्री नंबर (8866288662) भी विवादों में घिर गया है।

समर्थन के लिए फ्री नेटफ्लिक्स, लव चैट के ऑफर के दावे

सोशल मीडिया पर दावा किया गया कि इस टोल फ्री नंबर पर लोगों को आकर्षित करने के लिए नेटफ्लिक्स के फ्री पैक, जॉब ऑफर और लव चैट तक के ऑफर दिए जा रहे हैं। लेकिन भाजपा ने कहा कि फर्जी मीम्स और ट्विटर पोस्ट के जरिये विपक्षी पार्टियां भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही हैं।

Advertisement

भाजपा ने कहा- विपक्ष अफवाहें फैला रहा

भाजपा ने कहा कि सीएए को लेकर लोगों को जागरूक करने के लिए सकारात्मक प्रयास के तहत टॉल फ्री नंबर जारी किया गया है। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि टोल फ्री नंबर को लेकर अफवाहें फैलाई जा रही हैं। यह नंबर उनकी पार्टी का है न कि नेटफ्लिक्स का। सोशल मीडिया के कुछ पोस्ट में इस तरह के दावे किए गए थे।

गंभीर मुद्दे पर उपहास न करें- संबित पात्रा

पार्टी के प्रवक्ता संबित पात्रा ने प्रेस कांफ्रेंस करके इस विवाद के लिए विपक्ष को दोषी ठहराया। सोशल मीडिया पोस्ट में आपत्तिजनक दावे भी किए गए कि इस नंबर पर कॉल करके लोग अकेली लड़कियों से भी बात कर सकते हैं। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि ऐसे गंभीर मुद्दे पर उपहास नहीं किया जाना चाहिए।

सीएए पर भाजपा का रुख

संबित पात्रा ने कहा कि विपक्षी दल भाजपा के सकारात्मक कदम पर राजनीति कर रहे हैं। भाजपा ने सीएए पारित करवाकर पड़ोसी देशों के उत्पीड़ित अल्पसंख्यकों को नागरिकता देने के दशकों पुराने मुद्दे पर काम किया है। उन्होंने ट्वीट के माध्यम से मोदी सरकार और आरएसएस की आलोचना करने के लिए पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान खान पर हमला किया। उन्होंने कहा कि खान टेररिस्तान कहे जाने वाले देश की अगुआई करते हैं। वे सर्जिकल स्ट्राइक के बाद अपनी भड़ास निकालने के लिए भारत के खिलाफ अभियान चला रहे हैं और लोगों को गुमराह कर रहे हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Oppn leaders, CAA, BJP, toll-free number, Netflix
OUTLOOK 05 January, 2020
Advertisement