Advertisement
25 November 2019

झारखंड में पीएम मोदी ने किया राम मंदिर का जिक्र, कहा- भाजपा पूरा करती है संकल्प

ANI

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को झारखंड विधानसभा चुनाव प्रचार का आगाज करते हुए डाल्‍टनगंज में अपनी पहली चुनावी रैली को संबोधित किया। झारखंड की जनता को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कश्‍मीर के अनुच्‍छेद 370 और अयोध्‍या विवाद की ओर इशारा करते हुए कहा कि भाजपा जो वादे करती है उन्‍हें पूरा करती है, जबकि बाकी दल समस्‍याओं को लटकाए रखकर अपना वोट बैंक साधते हैं। इससे पहले 21 नवंबर को झारखंड में हुई अपनी पहली चुनावी सभा में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी राम मंदिर का जिक्र किया था।

'कांग्रेस ने लटकाया अनुच्छेद 370 और राम मंदिर का मुद्दा'

पीएम मोदी ने कहा, 'बीजेपी ने जो भी वादे और ऐलान किए हैं, उन्‍हें हम एक के बाद एक जमीन पर उतार रहे हैं चाहे वे कितने मुश्किल रहे हों। दूसरों के पास समस्‍याएं हैं हमारे पास समाधान हैं।' मोदी ने आगे कहा, 'कांग्रेस के काम करने का तरीका समस्‍याएं टालने और उन पर वोट मांगने का रहा है। कांग्रेस ने इसीलिए अनुच्छेद 370 का मसला लटकाए रखा। भगवान राम की जन्‍मभूमि का विवाद भी इन लोगों ने दशकों से लटकाया हुआ था। कांग्रेस चाहती तो समाधान निकाल सकती थी लेकिन उसने ऐसा न करके अपने वोट बैंक की परवाह की। देश और समाज का नुकसान किया।'

Advertisement

'2022 तक सबको पक्‍का घर'

साल 2022 तक देश में हर गरीब को पक्‍के घर का वादा दोहराते हुए मोदी ने कहा, 'आज देश में हर गरीब परिवार को अपना पक्का घर मिल रहा है। जिन्हें अभी नहीं मिला है उन्हें मैं विश्‍वास दिलाता हूं कि काम तेजी से चल रहा है, 2022 में जब आजादी के 75 साल होंगे तो कोई ऐसा परिवार नहीं होगा जिसका अपना पक्का घर न हो।'

'आयुष्‍मान योजना की शुरुआत झारखंड से ही हुई'

मोदी ने कहा, 'हर गरीब परिवार को आयुष्मान योजना के तहत 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिल रहा है। झारखंड के लिए ये गौरव की बात है कि पूरे देश को आयुष्मान बनाने के लिए शुरु की गई ऐतिहासिक आयुष्मान योजना की शुरुआत झारखंड से ही की गई थी।'

'केंद्र और राज्‍य की योजनाओं का डबल लाभ'

मोदी ने कहा, 'झारखंड को केंद्र और राज्य की योजनाओं का डबल लाभ मिल रहा है। गरीब से गरीब को मुफ्त गैस कनेक्शन मिला है, जिसका लाभ देश के 8 करोड़ परिवारों को मिला है। इसके साथ ही झारखंड के 33 लाख और पलामू के 50 हजार परिवारों को दूसरा सिलिंडर राज्य सरकार ने मुफ्त दिया है।'

'किसानों के सपने समझती है बीजेपी'

प्रदेश के किसान वर्ग को संबोधित करते हुए नरेंद्र मोदी ने कहा, 'उत्तर कोयल जलाशय योजना करीब 40 साल से अटकी हुई थी। तब जो सत्ता में थे, उन्होंने परियोजना को पूरा करने के लिए कभी गंभीर कोशिश ही नहीं की। बरसों तक पलामू, लातेहार और गढ़वा के लाखों किसान परेशान रहे लेकिन कांग्रेस और उसके साथी दलों ने उनकी चिंता नहीं की। किसान की मेहनत, सपने और उसकी गरिमा क्या होती है, ये बीजेपी समझती है।' उन्‍होंने आगे जोड़ा, 'दिल्ली और रांची में बीजेपी की सरकार बनने के बाद इस प्रोजेक्ट से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया गया। सरकार में वापसी के बाद इस परियोजना को जल्द से जल्द पूरा किया जाए।'

30 नवंबर को पहले चरण का मतदान

राज्य में 30 नवंबर को प्रथम चरण का मतदान है और 20 दिसंबर तक यहां पांच चरणों में चुनाव होंगे, जबकि मतगणना का काम 23 दिसंबर को होगा।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: PM Modi, jharkhand, daltonganj rally, bjp
OUTLOOK 25 November, 2019
Advertisement