Advertisement
03 April 2019

कोई भी विपक्षी नेता मोदी से बेहतर प्रधानमंत्री होगाः नायडू

विशाखापत्तनम। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने कहा है कि विपक्षी दलों के बीच कुछ राजनीतिक और सैद्धांतिक मतभेद हो सकते हैं लेकिन नरेंद्र मोदी सरकार को हराने पर सभी एकमत हैं। कोई भी दूसरा नेता नरेंद्र मोदी से बेहतर प्रधानमंत्री हो सकता है।

संवैधानिक संस्थाओं को मोदी बर्बाद कर दिया

यहां एक रैली के बाद बातचीत में उन्होंने कहा कि वह पिछले 40 साल से राजनीति में हैं और उन्होंने नेशनल फ्रंट, युनाइटेड फ्रंट, यूपीए और एनडीए के साथ काम किया है। कुछ सैद्धांतिक विवशताएं हमेशा रहती हैं। लोग काम करते हैं। आज लोकतांत्रिक बाध्यता भी बढ़ गई हैं। लेकिन नरेंद्र मोदी केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआइ), प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), आयकर विभाग और भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआइ) सहित सभी संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रहे हैं। वह राजनीति, कंपनी जगत और मीडिया में लीडरशिप को बर्बाद कर रहे हैं। इसी वजह से भारत प्रगति नहीं कर रहा है। हम आर्थिक रूप से कमजोर हो रहे हैं। रोजगार घट रहे हैं। कृषि क्षेत्र समस्याओं से घिरा है। पहले के सभी गठबंधनों में प्रधानमंत्री चाहे सबसे बड़े राजनीतिक दल का हो या अल्पमत सरकार का हो, उन्होंने मोदी से बेहतर काम किया।

Advertisement

इस बार बदलाव आना तय

विपक्षी दलों में मतभेदों को देखते हुए उनके प्रधानमंत्री उम्मीदवार के बारे में सवाल पर नायडू ने कहा कि भाजपा भी नरेंद्र मोदी के विकल्प के बारे में सवाल उछाल रही है। लेकिन उनके मुकाबले कोई भी बेहतर प्रधानमंत्री साबित हो सकता है। मोदी पर एक व्यक्ति आधारित व्यवस्था को बढ़ाने का आरोप लगाते हुए तेलुगू देशम पार्टी के प्रमुख ने कहा कि वह देश के लिए सभी नकारात्मक काम कर रहे हैं। आज देश घोर समस्याओं से घिरा है और वह खुश हो रहे हैं। उनमें नैतिकता नहीं बची है। उन्हे उदार होना चाहिए। प्रधानमंत्री को स्टेट्समैन होना चाहिए, न कि संकुचित विचारों वाला नेता। यहां हम सभी उनसे अलग हैं। चुनाव से पहले ही नरेंद्र मोदी को कोई नहीं चाहता है। बदलाव सुनिश्चित है।

यू-टर्न मैंने नहीं, मोदी ने लिया

प्रधानमंत्री यू-टर्न नेता की टिप्पणी का जवाब देते हुए नायडू ने जनसभा में कहा कि यू-टर्न किसने लिया। मोदी ने यू-टर्न लिया। मैंने नहीं। मैं बिल्कुल स्पष्ट और ईमानदार हूं। नायडू ने कहा कि मोदी ने आंध्र प्रदेश को धोखा दिया है। राज्य के विभाजन के बाद विशेष राज्य का दर्जा वायदा करने के बावजूद नहीं दिया। मोदी ने तिरुपति में यह वादा किया था। हम चार साल से इसका इंतजार कर रहे हैं। हमने 29 बार इस संबंध में उनसे मुलाकात की और सभी मंत्रियों से मिले। उन्होंने हमें धोखा दिया। आंध्र प्रदेश के साथ अन्याय किया। यू-टर्न उन्होंने लिया, न कि हमने। उनका यह बयान अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।

टीडीपी प्रमुख ने मोदी को याद दिलाया कि वह स्थाई प्रधानमंत्री नहीं है। उन्होंने क्या बताया, क्या वायदा किया, यह राज्यो के लिए महत्वपूर्ण है। हमने मोदी से इस पर विवाद भी किया। हमने अविश्वास भी पेश किया। उन्होंने आंध्र प्रदेश के लोगों को धोखा दिया।

घृणा फैला रही है भाजपा

नायडू ने कहा कि मतदाता उन्हें प्राथमिकता देंगे जो भाजपा को हराने की स्थिति में होंगे। पिछले चार विधानसभा चुनावों में सभी में भाजपा की हार हुई। लोग अब नरेंद्र मोदी को पसंद नहीं कर रहे हैं। पिछले पांच साल में कुछ स्थानों पर समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी जीती जबकि दूसरे राज्यों में टीडीपी, तृणमूल कांग्रेस ने जीत हासिल की। भाजपा समाज घृणा फैला रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार 290 हेलीकॉप्टर इस्तेमाल कर रही है। उसके लोग कहते हैं कि भाजपा को छोड़कर किसी को हेलीकॉप्टर मत दो। क्या यह उचित है। हमने देश में इस तरह की राजनीति कभी नहीं देखी। यह वास्तविकता है। हर किसी को यह समझना होगा।

विपक्ष के सामने राजनीतिक मजबूरियां

क्या आप कांग्रेस के बिना सरकार बना पाएंगे क्योंकि राहुल गांधी ममता बनर्जी की तुलना मोदी से करते हैं जबकि ममता उनके खिलाफ हैं, इस सवाल पर नायडू के फिर कहा कि राजनीतिक मजबूरियां जरूर बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि 2014 में कम्युनिस्ट पार्टी और कांग्रेस ने तीन राज्यों में एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ा लेकिन राष्ट्रीय स्तर पर बाद में उन्होंने कांग्रेस का समर्थन किया।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: election, Chandrababu Naidu, Andhra Pradesh, चुनाव, आंध्र प्रदेश, चंद्रबाबू नायडू
OUTLOOK 03 April, 2019
Advertisement