Advertisement
08 January 2017

कांग्रेस के लिए च्यवनप्राश हैँ प्रशांत किशोरः हरीश रावत

कांग्रेस के लिए च्यवनप्राश हैँ प्रशांत किशोरः हरीश रावत | गूगल

ऐसा लग रहा है कि उत्तराखंड में 15 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले विभिन्न सर्वेक्षणों में पीछे चल रही कांग्रेस को अब चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर का ही सहारा रह गया है।

देहरादून में एक संवाददाता सम्मेलन में इस बारे में सवाल करने पर मुख्यमंत्री हरीश रावत ने प्रशांत किशोर को च्यवनप्राश बताते हुए कहा, बढ़ती उम्र में ऐसे टॉनिकों का सहारा लेना पड़ता है। चुनावी रणनीति तय करने के लिए उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उपाध्याय और प्रशांत किशोर के बीच पहले ही एक बैठक हो चुकी है।

उपाध्याय ने संपर्क करने पर बताया कि किशोर के साथ समन्वय के लिए उन्होंने प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट के नेतृत्व में प्रदेश पार्टी सचिव विनोद चौहान को जिम्मेदारी सौंपी है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस विधानसभा चुनावों के लिए पूरी तरह तैयार है और दोबारा सत्ता में आने के लिए पार्टी पूरी तरह जुटी हुई है। विभिन्न समाचार पत्रों और समाचार चैनलों द्वारा कराए गए चुनावी सर्वेक्षणों में कांग्रेस को पिछड़ते तथा मुख्य विपक्षी भाजपा को सरकार बनाने की स्थिति में दिखाए जाने से पार्टी नेता चिंतित हैं। प्रशांत किशोर की सेवाएं लेने को इस स्थिति को बदलने के प्रयास की दिशा में एक कदम माना जा रहा है।

Advertisement

उपाध्याय ने भी कहा कि पीके के साथ जुड़ने से पार्टी की चुनावी रणनीति को और धार मिलेगी। हालांकि उन्होंने साफ किया कि प्रशांत किशोर द्वारा इस संबंध में दी जा रही सेवाएं पूरी तरह से स्वैच्छिक हैं। (एजेंसी)

TAGS: कांग्रेस, उत्तराखंड, हरीश रावत, प्रशांत किशोर, च्यवनप्राश, विधानसभा चुनाव
OUTLOOK 08 January, 2017
Advertisement