Advertisement
30 April 2019

राहुल गांधी की नागरिकता पर हुआ बवाल तो प्रियंका ने कहा- क्या बकवास है

File Photo

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की नागरिकता पर मचे कोहराम पर अब उनकी बहन और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की प्रतिक्रिया भी आ गई है। प्रियंका ने इस पूरे विवाद को बकवास बताते हुए कहा कि पूरा हिंदुस्तान जानता है कि राहुल गांधी हिंदुस्तानी हैं। राहुल पर ब्रिटिश नागरिकता होने का आरोप लगा है, जिस पर गृह मंत्रालय ने नोटिस जारी करके उनसे 15 दिन के अंदर जवाब दाखिल करने को कहा है। इसके बाद भाजपा भी राहुल गांधी पर हमलावर है।

चुनाव प्रचार में जुटीं प्रियंका से गृह मंत्रालय के पत्र पर सवाल किया गया था। इस पर उन्होंने कहा, 'मैंने ऐसी बकवास पहले कभी नहीं सुनी। पूरा हिंदुस्तान जानता है कि राहुल गांधी हिंदुस्तानी हैं। उनके सामने वह पैदा हुए, उनके सामने उनकी परवरिश हुई और उनके सामने वह बड़े हुए। सबको मालूम है, क्या बकवास है यह।'

क्या है मामला

Advertisement

भाजपा सांसद सुब्रमण्यन स्वामी ने गृह मंत्रालय को एक चिट्ठी लिखकर राहुल को ब्रिटिश नागरिक होने का दावा किया है। इस शिकायत के बाद कांग्रेस अध्यक्ष को गृह मंत्रालय ने नोटिस जारी किया है। राहुल को 15 दिनों के अंदर नोटिस का जवाब देना है। कांग्रेस ने स्वामी के इन आरोपों का खंडन किया है और राहुल को जन्म से भारतीय बताया है। वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री ने मंत्रालय के नोटिस को एक सामान्य प्रक्रिया करार दिया है।

भाजपा भी हमलावर

नागरिकता पर गृह मंत्रालय का नोटिस जाने के बाद भाजपा भी राहुल और कांग्रेस पार्टी पर हमलावर हो गई है। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि राहुल को हकीकत बतानी होगी। उन्होंने कहा कि राहुल की यात्रा, कंपनी और डिग्री हर चीज संदिग्ध है। उन्होंने कहा, 'राहुल और कन्फ्यूजन पर्यायवाची हैं। राहुल के पदचिह्न हिममानव की तरह हैं। यह पद चिह्न कहां जा रहे हैं।‘ बीजेपी ने पूछा कि राहुल लंदन वाले हैं या लुटियंस वाले यह साफ करें।

स्वामी ने पत्र में क्या किया है दावा?

स्वामी ने अपनी शिकायत में दावा किया है कि 2003 में ब्रिटेन में Backops लिमिटेड नामक कंपनी का रजिस्ट्रेशन हुआ था। इस कंपनी का पता 51 साउथगेट स्ट्रीट, विंचेस्टर, हैंपशायर SO23 9EH है और राहुल इसके एक निदेशक और सचिव थे। स्वामी ने अपनी शिकायत में यह भी दावा किया है कि कंपनी के 10-10-2005 और 31-10-2006 को फाइल किए गए वार्षिक रिटर्न में राहुल की जन्मतिथि 19-06-1970 अंकित हैं और नागरिकता ब्रिटिश बताई गई है। 17-02-2009 को डिसलूशन एप्लीकेशन के समय भी राहुल की नागरिकता ब्रिटिश बताई गई है। गृह मंत्रालय ने स्वामी की इस शिकायत के आधार पर राहुल गांधी को अपना पक्ष रखने और 15 दिन के भीतर इसका जवाब मांगा है। केंद्र सरकार में निदेशक (नागरिकता) बी. सी. जोशी ने राहुल को यह नोटिस जारी किया है।

पहले भी उठा था मुद्दा

कुछ दिन पहले अमेठी लोकसभा सीट से एक निर्दलीय प्रत्याशी ने भी राहुल की नागरिकता को लेकर सवाल उठाए थे। तब अमेठी से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं ध्रुव लाल ने रिटर्निंग ऑफिसर से शिकायत की थी कि राहुल ने ब्रिटिश नागरिकता ने ली थी और इसलिए उनका नामांकन रद्द किया जाए। हालांकि बाद में निर्वाचन अधिकारी ने राहुल के नामांकन की जांच कर इसे वैध करार दिया था।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Priyanka gandhi vadra, congress president, rahul gandhi, citizenship issue
OUTLOOK 30 April, 2019
Advertisement