Advertisement
14 May 2019

आरएसएस के लोग अंग्रेजों की 'चमचागीरी' करते थे, आजादी में कोई योगदान नहीं: प्रियंका गांधी

ANI

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने पंजाब के बठिंडा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर जमकर हमले किए। उन्‍होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झूठ की राजनी‍ति करते हैं। यह चुनाव बहुत महत्‍वपूर्ण है। ये लोग खुद को राष्‍ट्रवादी और अन्‍य सभी को देशद्रोही कहते हैं।

आरएसएस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, ‘जब पूरा पंजाब आजादी की लड़ाई लड़ रहा था तो आरएसएस को लोग अंग्रेजों की ‘चमचागीरी’ कर रहे थे। इनका आजादी की लड़ाई में कोई योगदान नहीं है। पंजाब न हिंदू है न मुसलमान है। पंजाब हमेशा गुरुओं के नाम का है। अगर गुरुग्रंथ साहिब को पंजाब से जुदा किया तो पंजाब की आत्मा चली जाएगी। इन्हीं के साथियों ने गुरुग्रंथ साहिब का निरादर किया।‘

मोदी ने वादे पूरे नहीं किए

Advertisement

प्रियंका ने कहा, 'अब मोदी का झूठ देश के सामने आ गया है। अगर आप मोदी का प्रचार सुनें तो आपके लगेगा देश में सत्तर वर्षों में कोई विकास नहीं हुआ। लेकिन बठिंडा के लोगों को पता है कि इन सत्तर सालों में देश का कितना विकास हुआ। 2014 में मोदी ने कहा 15 लाख रुपये आपके खाते में डालेंगे, लेकिन क्या किसी के खाते में आए। क्या किसानों की आय दोगुनी हुई। क्या लोगों को रोजगार मिला। मोदी के शासन में रोजगार मिलने के बजाय रोजगार घटा।'

पीएम किसानों से नहीं मिले

उन्‍होंने कहा, 'आज कर्ज के कारण 12 हजार किसानों ने आत्महत्या की है। किसान को उपज का दाम नहीं मिला। खाद व बीज नहीं मिला। देशभर के किसान दिल्ली आए पीएम से मिलने, लेकिन पीएम उनसे नहीं मिले। किसानों ने एक बात मांगी कि मिलने का समय दो लेकिन उन्होंने पांच मिनट का समय नहीं निकला।  भले ही वह विदेश घूम आए। नोटबंदी से मोदी ने लोगों को परेशान किया। लोगों को कहा कि आप अपने देशभक्ति दिखाइये। लेकिन एक भी कालाधन वापस नहीं आया। जब राहुल जनता के बीच गए तो भाजपा ने उनका मजाक उड़ाया। मोदी खूब विदेश घूमे। अमेरिका, जापान, चीन और पाकिस्‍तान गए। पाकिस्‍तान में तो बिरयानी भी खाई, लेकिन अपने देश के लोगों के लिए इनके पास समय नहीं।'

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Priyanka Gandhi Vadra, Bathinda, Punjab, RSS, chamchagiri
OUTLOOK 14 May, 2019
Advertisement