Advertisement
09 May 2019

राजीव गांधी जी और मुझ पर खूब हमले करें लेकिन राफेल के बारे में भी बताएं: राहुल गांधी

ANI

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने राजीव गांधी को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हमले पर पलटवार किया। एक बार फिर उन्होंने पीएम मोदी पर झूठे वादे करने का आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने कहा कि अगर आपको राजीव गांधी और मेरी बात करनी है, आप जरूर कीजिए, लेकिन जनता को समझा दीजिए कि आपने राफेल मामले में क्या किया। युवाओं के रोजगार के बारे में क्या किया।

हरियाणा के सिरसा में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अगर आपको राजीव गांधी और मेरी बात करनी है, आप जरूर कीजिए, दिल खोल के कीजिए, मगर जनता को समझा दीजिए कि आपने राफेल मामले में क्या किया, क्या नहीं किया। 2 करोड़ युवाओं को रोजगार देने का जो वादा किया था वो पूरा नहीं किया।

उन्होंने कहा, ‘5 साल पहले नरेंद्र मोदी ने हर चुनावी रैली में, हर सभा में 2 करोड़ युवाओं को नौकरी देने की बात करते थे, क्या आज मिल गया किसी को। कोई बताए कि उसे नौकरी मिली है। 15 लाख रुपये हर बैंक खाते में डालने का वादा किया था। किसी को मिला क्या। किसानों का कर्जा माफ करने का वादा क्या पूरा हुआ। नहीं हुआ।‘

Advertisement

45 सालों में सबसे ज्यादा बेरोजगारी

राहुल गांधी ने कहा कि 5 साल बाद अब क्या वह रोजगार और किसानों के बारे में बात करते हैं। 5 साल में आपकी सरकार ने क्या किया। 45 सालों में सबसे ज्यादा बेरोजगारी आज देश में है और यह मोदी जी की देन है। उन्होंने कहा कि मोदी ने आपके खाते में 15 लाख भेजने का झूठा वादा किया था, लेकिन हम आपके खाते में 5 साल में 3 लाख 60 हजार जमा कराएंगे।

नोटबंदी को लेकर साधा निशाना

नोटबंदी पर हमला करते हुए राहुल ने कहा कि सरकार ने जनता की जेब से पैसा निकाला, किसानों की जेब से पैसा निकाला, छोटे दुकानदारों की जेब से पैसा निकाला, बिजनेसमैन की जेब से पैसा निकाला और यह पैसा अनिल अंबानी जैसे 15 चोरों की जेब में डाल दिया। जैसे ही सिरसा के लोगों ने सामान खरीदना बंद कर दिया, तो फैक्ट्रियों के मालिकों ने फैक्ट्री बंद कर दी। जिससे बेरोजगारी आ गई। सरकार के फैसले ने अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाया और देश में 45 साल की सबसे बड़ी बेरोजगारी सामने आ गई।

मोदी का फ्लॉप शो खत्म

राहुल गांधी ने नरेंद्र मोदी के सत्ता में न लौटने का दावा करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी लौट कर नहीं आ रहे, उनका फ्लाप शो खत्म। वह घड़ी गई। उनके चेहरे को देख लो, उनकी ऊर्जा को देख लो। उदास से हैं, वह चुनाव हार रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पीएम मोदी ने 5 साल अन्याय की सरकार चलाई और कांग्रेस ‘न्याय’ की सरकार चलाना चाहती है, इसीलिए न्याय योजना तैयार की गई है। इस योजना के तहत हिंदुस्तान के सबसे गरीब लोगों के बैंक खातों में सीधे पैसा डाला जाएगा। 72 हजार रुपये साल के और तीन लाख 60 हजार रुपये 5 सालों में डाले जाएंगे। इस योजना से देश के पांच करोड़ परिवारों के 25 करोड़ लोगों को लाभ होगा।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Rahul gandhi, pm modi, rajiv gandhi, rafale too, lok sabha election
OUTLOOK 09 May, 2019
Advertisement