Advertisement
23 December 2016

चौधरी चरण सिंह के जीवन से सबक लेना चाहिए- हामिद अंसारी

उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा, जद यू सांसद शरद यादव व अन्य

दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति ने कहा कि इस पुस्तक के कई पहलु हैं जिसे पढ़कर लगता है कि चरण सिंह जी का व्यक्तित्व कैसा रहा है। यह पुस्तक केवल चरण सिंह के व्यक्तित्व ही नहीं बल्कि उस समय के राजनीतिक पहलुओ को भी उजागर करती है। पॉल ब्रास द्वारा लिखित इस पुस्तक काे  सेज प्रकाशन ने हिंदी में प्रकाशित किया है। अंग्रेजी में यह पुस्तक तीन खंडों में जिसमें हिंदी में यह पहला खंड प्रकाशित हुआ है।

पुस्तक के विमोचन अवसर पर पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा ने चरण सिंह को याद करते हुए कहा कि उनके जैसा ईमानदार व्यक्तित्व का कोई नहीं हुआ। जिनकी लोकप्रियता न केवल किसानों के बीच में थी बल्कि गरीबों के मसीहा के रूप में भी वे जाने जाते थे। कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद, राष्ट्रीय लोकदल के प्रमुख चौधरी अजीत सिंह ने चरण सिंह के व्यक्तित्व पर चर्चा की। जनता दल यू के पूर्व अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद शरद यादव ने कहा कि राजनीति बिना साख के नहीं चलती। जिसके पास साख है वहीं जनता को सही रास्ता दिखा सकता है। यादव ने चरण सिंह की सहजता और सरलता के बारे में भी चर्चा की। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के महासचिव अमर सिंह, कांग्रेस नेता अहमद पटेल, इंडियन नेशनल लोकदल के सांसद दुष्यंत चौटाला, राष्ट्रवादी कांग्रेस के प्रमुख शरद पवार सहित कई गणमान्य हस्तियां मौजूद थी। कार्यक्रम का संचालन जनता दल यूनाइटेड के प्रधान महासचिव केसी त्यागी ने किया। 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: उपराष्ट्रपति, हामिद अंसारी, शरद यादव, चरण सिंह, अजीत सिंह, अमर सिंह, केसी त्यागी
OUTLOOK 23 December, 2016
Advertisement