Advertisement
07 August 2018

कांग्रेस के एक महत्वपूर्ण और वरिष्ठ सदस्य थे धवन जिन्हें पार्टी में सभी पसंद करते थे: राहुल

file Photo

पूर्व केन्द्रीय मंत्री और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के निजी सचिव रहे आरके धवन का सोमवार की शाम एक प्राइवेट हॉस्पिटल में निधन हो गया है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता धवन  81 वर्ष के थे। धवन के निधन पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शोक व्यक्त करते हुए इसे बेहद दुखद बताया।

परिवार के करीबी सूत्रों के मुताबिक, धवन ने सोमवार शाम करीब सात बजे बीएल कपूर अस्पताल में अंतिम सांस ली। आरके धवन को बढ़ती उम्र संबंधी परेशानियों के कारण पिछले मंगलवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

इंदिरा गांधी के निजी सचिव रहे आरके धवन के निधन पर दु:ख जताते हुए राहुल ने ट्वीट किया, 'श्री आरके धवन जी, जिन्हें मैं बचपन से जानता था, उनके अचानक इस तरह चले जाने से कांग्रेस परिवार को धक्का लगा है। वह कांग्रेस के एक महत्वपूर्ण और वरिष्ठ सदस्य थे। उन्हें पार्टी में सभी पसंद करते थे। उनके दोस्तों और परिवारजनों के प्रति मेरी दिल से संवेदनाएं हैं।'

Advertisement

कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट किया है, ‘कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आर. के. धवन को हमारी श्रद्धांजलि। उन्होंने आज अंतिम सांस ली। कांग्रेस के सिद्धांतों के प्रति उनकी निष्ठा, प्रतिबद्धता और समर्पण के लिए हमेशा याद किया जाएगा। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।’

धवन पर लगे कई आरोप

इंदिरा गांधी के निजी सचिव रहते हुए, 1962 से 1984 तक धवन पर आरोप लगता रहा है कि वह प्रधानमंत्री तक पहुंचने वाली सूचनाओं को रोकते थे। आपातकाल (1975-77) के दौरान धवन इंदिरा गांधी के बेहद करीबी रहे।

संसदीय समिति में भी रहे

राजीव गांधी के प्रधानमंत्री बनने पर अफवाहें थीं कि धवन को दरकिनार कर दिया जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उसके बाद धवन कई महत्वपूर्ण पदों और संसदीय समितियों में रहे।

कैंसर से पीड़ित थे

धवन ने 74 वर्ष की आयु में 2011 में अचला के साथ विवाह किया। सूत्रों के अनुसार, धवन कैंसर से पीड़ित थे। उन्हें कई परेशानियों के कारण 31 जुलाई को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सूत्रों का कहना है कि अस्पताल में भर्ती कराये जाने के समय धवन की हालत बहुत खराब थी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: RK Dhawan, demise, leaves, deep void, Congress family, Rahul
OUTLOOK 07 August, 2018
Advertisement