Advertisement
11 February 2019

मैंने प्रियंका और ज्योतिरादित्य जी को यूपी की राजनीति बदलने का जिम्मा दिया: राहुल गांधी

ANI

कांग्रेस पार्टी की महासचिव बनने के बाद प्रियंका गांधी आज (सोमवार को) पहली बार उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ पहुंचीं। यहां कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ उन्होंने 15 किमी लंबा और लगभग पांच घंटे का रोड शो किया और कांग्रेस मुख्यालय पहुंचीं। हालांकि उन्होंने कोई संबोधन नहीं किया। लोगों को इंतजार था कि प्रियंका गांधी अपनी बात रख सकती हैं। उनके साथ ज्योतिरादित्य सिंधिया और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर भी मौजूद रहे। 

कांग्रेस मुख्यालय में राहुल गांधी ने एक बार फिर पीएम मोदी पर निशाना साधा। साथ ही उन्होंने कहा कि मैंने ज्योतिरादत्य सिंधिया जी और प्रियंका जी को उत्तर प्रदेश की राजनीति बदलने का जिम्मा दिया है। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की शुरुआत हुई थी। यहां कांग्रेस को फिर से खड़ा करना है। लोकसभा चुनाव तो सामने हैं ही लेकिन 2022 में विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को जिताना है। उन्होंने कहा कि हम मायावती जी और अखिलेश जी का सम्मान करते हैं लेकिन कांग्रेस पूरे दम से लड़ेगी। हम बैकफुट पर नहीं खेलेंगे।

बता दें कांग्रेस पार्टी ने पिछले महीने ही प्रियंका गांधी को पूर्वी उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया था। प्रियंका अगले 4 दिनों तक उत्तर प्रदेश में रहेंगी।

Advertisement

विधानसभा चुनाव जीतना भी हमारा लक्ष्य: राहुल

रोड शो के दौरान राहुल गांधी ने एक छोटा सा भाषण दिया। इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, 'चौकीदार ने उत्तर प्रदेश और दूसरे राज्यों से पैसा चुराया। चौकीदार चोर है। उत्तर प्रदेश देश का हृदय है। हम यहां फ्रंट फुट पर खेलेंगे। सिर्फ लोकसभा चुनाव ही नहीं, यहां विधानसभा चुनाव भी जीतना हमारा लक्ष्य है।‘

यह रोड शो एयरपोर्ट मोड़ - शहीद पथ तिराहा - अवध चौराहा- आलमबाग चौराहा - नत्‍था होटल तिराहा - हुसैनगंज चौराहा - बर्लिंगटन चौराहा - लालबाग तिराहा- हजरतगंज चौराहा - विक्रमादित्य चौराहा होते हुए नेहरू भवन से गुजरा। 

कार्यकर्ताओं को प्रियंका का संदेश

कांग्रेस महासचिव के तौर पर उत्तर प्रदेश की अपनी पहली यात्रा से एक दिन पहले प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि राज्य के लोगों के साथ मिल कर वह ‘‘नयी तरह की राजनीति’’ शुरू करने की उम्मीद करती हैं, जिसमें हर किसी की हिस्सेदारी होगी। प्रियंका ने कांग्रेस के शक्ति ऐप के जरिए कहा, ‘‘मैं आप सब से मिलने के लिए कल लखनऊ आ रही हूं। मुझे उम्मीद है कि साथ मिल कर हम नयी तरह की राजनीति शुरू करेंगे, ऐसी राजनीति जिसमें आप सब हितधारक होंगे...मेरे युवा मित्रों, मेरी बहनों और यहां तक कि सबसे कमजोर व्यक्ति, सबकी आवाज सुनी जाएगी।’’ प्रियंका ने कहा, ‘‘आइए, एक नये भविष्य का निर्माण करें, मेरे साथ नयी राजनीति करें। धन्यवाद।’

तीन दिन तक लोकसभा कार्यकर्ताओं से करेंगी मुलाकात

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचने के बाद प्रियंका नेताओं और कार्यकर्ताओं से चर्चा में जुट जाएंगी। लखनऊ पहुंचने के बाद उनका अगले तीन दिन का कार्यक्रम काफी व्यस्त रहने वाला है। 12 से 14 फरवरी को प्रियंका हर लोकसभा के कांग्रेस कार्यकर्ताओं से दिन भर मुलाकात करेंगी। प्रियंका ने 12 और 13 फरवरी को हर लोकसभा सीट के लिए एक-एक घंटे तय किए हैं। इस दौरान स्थानीय नेता सीधे प्रियंका गांधी से मुलाकात करेंगे। दौरे के आखिरी दिन यानी 14 फरवरी को सुबह 10 बजे से बैठक होगी। प्रियंका सीतापुर के लोगों से सबसे पहले मुलाकात करेंगी। इस दौर में वह घोसी, आजमगढ़, जौनपुर और बलिया के लोगों से रूबरू होंगी।

रोड शो की तस्वीरें-


 




 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Road show of priyanka gandhi, rahul gandhi, jyotiraditya scindia, uttar pradesh, lucknow
OUTLOOK 11 February, 2019
Advertisement