Advertisement
16 April 2019

शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी पूनम सिन्हा सपा में शामिल, लखनऊ से राजनाथ सिंह को देंगी टक्कर

ANI

पिछले दिनों भाजपा छोड़कर कांग्रेस में आए शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी पूनम सिन्हा समाजवादी पार्टी में शामिल हो गई हैं। वह सपा-बसपा-रालोद गठबंधन से उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से चुनाव लड़ेंगी। उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव की मौजूदगी में सपा का हाथ थामा। लखनऊ से भाजपा सांसद और केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह मैदान में हैं। हालांकि पहले पूनम सिन्हा के जेडीयू के टिकट पर बिहार से चुनाव लड़ने की संभावना जताई जा रही थी लेकिन आज उन्होंने लखनऊ में समाजवादी पार्टी जॉइन कर ली।

सपा नेता रविदास मेहरोत्रा ने कहा, 'पूनम सिन्हा लखनऊ से गठबंधन की उम्मीदवार होंगी। वह 18 अप्रैल को नामांकन दाखिल करेंगी। कांग्रेस से अपील है कि वह यहां कोई उम्मीदवार न उतारें ताकि भाजपा को मात दी जा सके।'

लखनऊ से पूनम सिन्हा के चुनाव लड़ने पर केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, 'कोई तो लड़ेगा ही, यही लोकतंत्र की खूबसूरती है। हम पूरी गरिमा के साथ चुनाव लड़ेंगे। तहजीब जो लखनऊ की बहुत बड़ी धरोहर है, उसको भी हम कायम रखेंगे।'

Advertisement

कौन हैं पूनम सिन्हा

शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी पूनम सिन्हा आमतौर पर बॉलीवुड की लाइम लाइट से दूर ही रहती हैं। 65 साल की पूनम सिन्हा शुरूआती दौर में कुछ बॉलीवुड फिल्मों में दिखाई दी थी लेकिन साल 1980 में शत्रुघ्न सिन्हा से शादी करने के बाद उन्होंने रुपहले पर्दे से पूरी तरह किनारा कर लिया।

शुरूआती समय में वह कोमल नाम से हिंदी फिल्मों में आईं थी। फिल्मों में आने से पहले वह मिस यंग इंडिया प्रतियोगिता की विजेता भी रह चुकीं थीं। इसी के बाद उन्होंने बॉलीवुड में एंट्री की थी। कुछ साल पहले आशुतोष गोवारीकर की फिल्म जोधा अकबर से उन्होंने बॉलीवुड में वापसी की थी। फिल्म में उन्होंने ऋतिक रोशन की मां का दमदार रोल निभाया था। इसके अलावा भी वह एक दो फिल्मों में दिखी हैं। उन्होंने कुछ फिल्में निर्देशित भी की हैं। पूनम सिन्हा की बेटी सोनाक्षी सिन्हा भी बॉलीवुड अभिनेत्री हैं। 

बता दें कि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 18 अप्रैल है, जबकि वोटिंग 6 मई को होगी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Lucknow, Shatrughan Sinha, Poonam Sinha, Samajwadi Party, Dimple Yadav, lok sabha elections 2019
OUTLOOK 16 April, 2019
Advertisement